भारत में नाश्ते के तौर पर पराठे बेहद पसंद किए जाते हैं। अगर इन्हें कम तेल और हल्के मसालों के साथ बनाया जाए तो ये न सिर्फ पेट भरते हैं बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। ऐसे में सहजन यानी मोरिंगा के पत्तों से बने पराठे एक बेहतरीन विकल्प हैं। ये स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व और विटामिन भी प्रदान करते हैं। सहजन को प्राकृतिक मल्टीविटामिन भी माना जाता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
सहजन के पत्तों के पराठे बनाने की विधि
पहला स्टेप:
सबसे पहले सहजन के पत्तों को अच्छी तरह धो लें और बारीक काट लें। अब एक बर्तन में लगभग 2 कप गेहूं का आटा लें। इसमें 2 चम्मच बेसन और 2 चम्मच दही मिलाएं। इसके बाद इसमें बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च, हरा धनिया और सफेद तिल डालें। अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक मिलाएं। साथ में 1-2 चम्मच तेल भी डाल दें।
दूसरा स्टेप:
अब इसमें कटे हुए सहजन के पत्ते डालकर सभी सामग्री को अच्छे से मिलाएं। धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटे को लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि वह सेट हो जाए।
तीसरा स्टेप:
अब तैयार आटे से लोइयां बनाकर गोल या तिकोने आकार में पराठे बेल लें। इन्हें मध्यम आंच पर तवे पर अच्छी तरह सेंक लें। इसी तरह सभी पराठे तैयार करें। जो लोग कम तेल पसंद करते हैं, वे इसे रोटी के रूप में भी बना सकते हैं।
वैकल्पिक तरीका
अगर सहजन के पत्तों को काटना मुश्किल लगे तो उन्हें हल्का उबालकर या भाप देकर नरम कर लें। ठंडा होने के बाद इन्हें पीसकर आटे में मिलाएं और फिर पराठे तैयार करें।
इस तरह तैयार सहजन के पत्तों के पराठे न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होते हैं।