UPI Burj Khalifa: दुबई घूमने जाने वाले भारतीय पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा (Burj Khalifa) के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करते समय भी UPI पेमेंट की सुविधा मिल गई है। यूएई में यह पहला प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है, जहां ई-कॉमर्स ट्रांजैक्शन के लिए UPI को स्वीकार किया जा रहा है। इस नई सुविधा की घोषणा NPCI International Payments Limited (NIPL) ने की है।
NIPL, NeoPay और Emaar Entertainment की साझेदारी
NIPL, जो नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की अंतरराष्ट्रीय शाखा है, ने यह सुविधा NeoPay और Emaar Entertainment के साथ मिलकर शुरू की है। इसके जरिए भारतीय यात्री अपनी यात्रा से पहले ही बुर्ज खलीफा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर टिकट और अन्य अनुभवों की ऑनलाइन बुकिंग UPI के माध्यम से कर सकते हैं।
किसी भी UPI ऐप से होगा भुगतान
इस सुविधा की खास बात यह है कि भुगतान के लिए किसी विशेष ऐप की जरूरत नहीं होगी। PhonePe, Google Pay, Paytm, BHIM या किसी भी UPI-सक्षम ऐप से आसानी से पेमेंट किया जा सकेगा। इससे भारतीय पर्यटकों को अंतरराष्ट्रीय कार्ड या अन्य भुगतान विकल्पों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
2022 में शुरू हुई थी QR पेमेंट सेवा
यह सुविधा NIPL और NeoPay के बीच पहले से चल रही साझेदारी का विस्तार है। साल 2022 में यूएई में NeoPay नेटवर्क से जुड़े व्यापारियों के यहां QR कोड के जरिए UPI भुगतान की शुरुआत हुई थी। अब इस सुविधा को आगे बढ़ाते हुए ऑनलाइन बुकिंग में भी UPI को शामिल कर लिया गया है।
भारतीय यात्रियों के लिए होगा आसान अनुभव
NIPL के प्रबंध निदेशक और सीईओ रितेश शुक्ला ने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान भारतीय ग्राहक ऐसा भुगतान विकल्प चाहते हैं जो आसान, भरोसेमंद और परिचित हो। बुर्ज खलीफा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग में UPI को शामिल किए जाने से यात्री भारत से ही अपने पसंदीदा पेमेंट माध्यम का उपयोग कर सकेंगे।
भारत-यूएई के बीच डिजिटल भुगतान को मिलेगा बढ़ावा
कंपनी का कहना है कि यह पहल भारत और यूएई के बीच डिजिटल भुगतान को और मजबूत बनाएगी। NeoPay के सीईओ विभोर मुंधरा ने बताया कि यह दोनों देशों के बीच डिजिटल कॉमर्स के लिए एक बड़ा कदम है। इसके साथ ही NeoPay, GCC (गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल) क्षेत्र की पहली कंपनी बन गई है, जिसने ई-कॉमर्स लेनदेन के लिए UPI भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई है।
वहीं, Emaar Entertainment के प्रवक्ता ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग में UPI जोड़ने से भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट खरीदना पहले से कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि बुर्ज खलीफा आने वाले विदेशी पर्यटकों में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक है।