PM Modi Italy Visit: रोम में दिखी काशी की झलक, इटालियन कलाकार ने पीएम मोदी को भेंट की वाराणसी पेंटिंग

Saroj kanwar
4 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली की राजधानी रोम पहुंच चुके हैं, जहां उनका बेहद भव्य और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर रेड कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत किया गया और इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने खुद उनकी अगवानी की।

रोम में जिस होटल में पीएम मोदी ठहरे हैं, वहां बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय पहले से मौजूद थे। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। प्रधानमंत्री ने भी समर्थकों का अभिवादन करते हुए उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

पीएम मोदी की यह इटली यात्रा भारत और इटली के रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी खास अंदाज में उनका स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “रोम में स्वागत है, मेरे दोस्त।” इसे दोनों नेताओं के मजबूत व्यक्तिगत और रणनीतिक संबंधों का संकेत माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली द्विपक्षीय इटली यात्रा है। इस दौरे के दौरान भारत और इटली के बीच व्यापार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, परिवहन, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है।

इस बीच पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने एक संयुक्त लेख भी लिखा है, जिसमें दोनों देशों की भविष्य की रणनीतिक साझेदारी का विजन पेश किया गया। इसमें लोकतंत्र, हरित ऊर्जा, साइबर सुरक्षा, AI, वैश्विक व्यापार और सप्लाई चेन जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया गया है। दोनों देशों ने 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो से आगे ले जाने का लक्ष्य तय किया है।

‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इटली’ पहल को नई आर्थिक ताकत बताते हुए दोनों देशों ने मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन सेक्टर में साझेदारी को और मजबूत करने की बात कही। साथ ही इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) को हिंद महासागर से यूरोप तक नई कनेक्टिविटी और व्यापार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।

रोम में दिखी काशी की झलक

इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी ने एक खास सांस्कृतिक मुलाकात की जानकारी भी साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “रोम में काशी की झलक!”

प्रधानमंत्री ने बताया कि इटली के मशहूर चित्रकार जियाम्पाओलो टोमासेट्टी ने उन्हें वाराणसी पर आधारित अपनी कला कृति भेंट की। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति के प्रति टोमासेट्टी का जुड़ाव पिछले चार दशकों से बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि 1980 के दशक में टोमासेट्टी ने वैदिक संस्कृति से जुड़ी पुस्तकों के लिए चित्र बनाने से अपने सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2008 से 2013 के बीच उन्होंने महाभारत पर आधारित 23 विशाल पेंटिंग्स पर काम किया। पीएम मोदी ने उनकी कला और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *