नई दिल्ली: दिल्ली की महिलाओं के लिए शुरू किया गया पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अब सिर्फ मुफ्त बस यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा। इसे अब डेबिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी महिलाएं इस कार्ड की मदद से डीटीसी बस, मेट्रो, नमो भारत ट्रेन में सफर करने के साथ-साथ मॉल, दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर खरीदारी भी कर सकेंगी। यह कार्ड पूरी तरह KYC नियमों के अनुरूप तैयार किया गया है।
दो तरह के मिल रहे हैं पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) फिलहाल महिलाओं के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के दो अलग-अलग विकल्प उपलब्ध करा रहा है।
- जीरो KYC कार्ड: इसे केवल आधार कार्ड और उससे जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP के जरिए प्राप्त किया जा सकता है।
- फुल KYC कार्ड: इस कार्ड के लिए बैंक के माध्यम से पूरी KYC प्रक्रिया पूरी करनी होती है। सत्यापन के बाद यह कार्ड डेबिट कार्ड की तरह आवेदक के पते पर भेजा जाता है।
डेबिट कार्ड वाला पिंक सहेली कार्ड कैसे बनवाएं?
अगर आप ऐसा पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाना चाहती हैं जिसे डेबिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल किया जा सके, तो इसके लिए अधिकृत बैंक की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा।
आवेदन के दौरान आपको दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य जरूरी व्यक्तिगत जानकारी देनी होगी। आवश्यकता पड़ने पर बैंक पैन कार्ड भी मांग सकता है। इसके बाद वीडियो KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सभी दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद कार्ड तैयार कर आपके पते पर भेज दिया जाएगा।
बस, मेट्रो और शॉपिंग में ऐसे करें इस्तेमाल
फुल KYC वाला पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिलाएं डीटीसी की सभी बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ ले सकेंगी। वहीं, यदि इस कार्ड का उपयोग दिल्ली मेट्रो, नमो भारत ट्रेन या खरीदारी के लिए करना है, तो पहले इसमें रिचार्ज कराना होगा। रिचार्ज के बाद यह कार्ड सामान्य डेबिट कार्ड की तरह भुगतान के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
1 अगस्त से कार्ड दिखाना होगा अनिवार्य
दिल्ली सरकार और डीटीसी के निर्देशों के अनुसार 1 अगस्त से मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाओं के पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होना जरूरी होगा।
डीटीसी ने इस संबंध में विशेष अभियान शुरू किया है ताकि अधिक से अधिक महिलाएं समय रहते अपना कार्ड बनवा सकें। नए नियम के तहत बस में यात्रा के दौरान पिंक टिकट प्राप्त करने के लिए पहले पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को टैप करना होगा। इसके बाद ही मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
अन्य यात्रियों को मिलेंगे अलग-अलग कार्ड
डीटीसी की योजना के तहत सामान्य यात्रियों को ब्लू कार्ड जारी किए जाएंगे। वहीं वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और अन्य रियायती श्रेणी के यात्रियों के लिए ऑरेंज कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, ऑरेंज कार्ड जारी करने की प्रक्रिया फिलहाल शुरू नहीं हुई है।