नौकरी बदलने के बाद कई कर्मचारी अपने पुराने प्रोविडेंट फंड (PF) खाते पर ध्यान नहीं देते। ऐसे में पुराने खाते में जमा छोटी-छोटी रकम वर्षों तक पड़ी रह जाती है और कोई दावा नहीं किया जाता। अब ऐसे खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने लंबे समय से निष्क्रिय पड़े खातों में जमा कम राशि लौटाने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है।
केंद्रीय श्रम मंत्रालय के निर्देश के बाद शुरू की गई इस पहल का फायदा देशभर के लाखों कर्मचारियों को मिलने की उम्मीद है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिन खातों में बहुत कम बैलेंस बचा हुआ है, उनके लिए अलग से क्लेम या आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। यदि आधार और बैंक खाते की जानकारी सही तरीके से लिंक है, तो राशि सीधे बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
किन PF खातों में आएगा पैसा?
ईपीएफओ ने देशभर में करीब 31 लाख निष्क्रिय पीएफ खातों की पहचान की है। इनमें लगभग 6 लाख खाते ऐसे हैं जिनमें 1,000 रुपये या उससे कम राशि जमा है। सबसे पहले इन्हीं खातों में मौजूद रकम वापस की जाएगी।
यदि आपका पुराना पीएफ खाता कई वर्षों से इस्तेमाल नहीं हुआ है और उसमें 1,000 रुपये या उससे कम बैलेंस है, तो आपकी राशि सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि इसके लिए आपका आधार, बैंक खाता और UAN की जानकारी अपडेट और लिंक होना जरूरी है।
इनएक्टिव PF खाता किसे माना जाता है?
जब किसी पीएफ खाते में लगातार तीन साल तक न कोई नया योगदान जमा होता है और न ही कोई निकासी होती है, तो उसे इनऑपरेटिव (Inactive) PF Account माना जाता है।
हालांकि, ऐसा खाता हमेशा के लिए बंद नहीं होता। यदि कर्मचारी नई नौकरी जॉइन करता है, तो वह अपने पुराने UAN (Universal Account Number) को नए नियोक्ता से लिंक कराकर खाते को दोबारा सक्रिय कर सकता है।
नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर भी बढ़ेगी निगरानी
ईपीएफओ को अक्सर ऐसी शिकायतें मिलती हैं कि कुछ कंपनियां कर्मचारियों के वेतन से पीएफ की कटौती तो कर लेती हैं, लेकिन समय पर ईपीएफओ में जमा नहीं करतीं।
इस समस्या पर रोक लगाने के लिए ईपीएफओ अब अपने डेटाबेस को GeM (Government e-Marketplace), GST विभाग और अन्य सरकारी एजेंसियों से जोड़ रहा है। इससे उन कंपनियों की पहचान करना आसान होगा जो पीएफ जमा करने के नियमों का पालन नहीं कर रही हैं।
ऐसे करें अपने PF खाते का स्टेटस और बैलेंस चेक
यदि आपको लगता है कि आपका पीएफ खाता इनएक्टिव है, तो आप नीचे दिए गए तरीकों से अपना बैलेंस और स्टेटस आसानी से देख सकते हैं।
- EPFO पोर्टल पर लॉगिन करके पासबुक और बैलेंस देखें।
- UMANG App में View Passbook विकल्प के जरिए जानकारी प्राप्त करें।
- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल देकर बैलेंस की जानकारी लें।
- ईपीएफओ की SMS सेवा का उपयोग करके भी PF बैलेंस चेक किया जा सकता है।
जरूरी बात
अगर आप चाहते हैं कि आपके पुराने पीएफ खाते में जमा राशि बिना किसी परेशानी के आपके बैंक खाते में पहुंचे, तो सुनिश्चित करें कि आपका आधार, बैंक खाता और UAN आपस में सही तरीके से लिंक और अपडेट हों। इससे ईपीएफओ द्वारा शुरू की गई इस नई प्रक्रिया का लाभ आसानी से मिल सकेगा।