Passport Van Facility: क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जालंधर ने गुरदासपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को पासपोर्ट आवेदन की सुविधा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. इसके तहत तहसील परिसर स्थित डिप्टी कमिश्नर कार्यालय, गुरदासपुर में एक मोबाइल पासपोर्ट सेवा वैन तैनात की गई है. इस सुविधा का उद्देश्य यह है कि लोगों को पासपोर्ट के लिए जालंधर या अन्य दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता न पड़े. जिससे उनका समय और पैसा दोनों बच सके.
लोगों को मिल रही है राहत
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पासपोर्ट कार्यालय लगातार प्रयास कर रहा है कि अधिक से अधिक आवेदकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिल सकें. इसी कड़ी में गुरदासपुर में मोबाइल सेवा वैन की तैनाती का फैसला लिया गया है. उन्होंने कहा कि इस सुविधा के माध्यम से गुरदासपुर और निकटवर्ती इलाकों के नागरिक अब आसानी से पासपोर्ट के लिए आवेदन जमा कर सकेंगे. जिससे उन्हें लंबी दूरी की यात्रा और लंबी कतारों से राहत मिलेगी.
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा बनी रहेगी
पासपोर्ट सेवा वैन से जुड़ी सुविधा का लाभ उठाने के लिए आवेदकों को पासपोर्ट कार्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा. इसके बाद ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट बुक करके वे अपनी निर्धारित तिथि पर वैन में जाकर दस्तावेज जमा कर सकते हैं. ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट सिस्टम के माध्यम से पूरा प्रोसेस पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है ताकि हर व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के सेवा प्राप्त हो सके.
पहले भी लिए गए हैं जनहित के फैसले
यशपाल ने बताया कि पासपोर्ट कार्यालय समय-समय पर नागरिकों की सुविधा के लिए कई कदम उठाता रहा है. पिछले कुछ वर्षों में लिए गए फैसलों को जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिली है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए और लोक हितैषी योजनाओं को लागू किया जाएगा.
बिना अप्वाइंटमेंट के शिकायत निवारण की सुविधा
एक और बड़ी जानकारी देते हुए यशपाल ने बताया कि जालंधर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में नागरिक बिना अप्वाइंटमेंट के जाकर अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं. इन शिकायतों का निवारण भी तेजी से किया जा रहा है. जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है. इससे यह भी स्पष्ट होता है कि पासपोर्ट कार्यालय सिर्फ आवेदन प्रक्रिया तक सीमित नहीं है. बल्कि शिकायत समाधान के प्रति भी उतना ही गंभीर है
.
पासपोर्ट सेवा को स्थानीय स्तर पर पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम
गुरदासपुर में मोबाइल वैन की तैनाती को सरकार द्वारा सेवा को गांव-शहरों तक पहुंचाने के संकल्प का अहम हिस्सा माना जा रहा है. इससे न सिर्फ तकनीकी सुविधाओं का विस्तार हुआ है. बल्कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में लोगों की सीधी भागीदारी भी बढ़ी है.
युवाओं, छात्रों और नौकरीपेशा वर्ग को मिलेगी खास राहत
गुरदासपुर में तैनात यह मोबाइल सेवा वैन विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी होगी जो नौकरी, पढ़ाई या विदेश यात्रा के लिए पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं. छात्रों और नौकरीपेशा वर्ग को अक्सर समय की कमी होती है और वे जालंधर जैसे बड़े शहरों तक नहीं जा पाते. यह सेवा उनके लिए समय बचत और सुविधा का माध्यम बनकर सामने आई है.