डिजिटल डेस्क। एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर आज लगभग हर घर की रसोई का अहम हिस्सा बन चुका है। खाना बनाने से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक, इसके बिना काम चलाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यदि आपका गैस सिलेंडर चोरी हो जाए या कहीं गुम हो जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कई लोगों को यह डर रहता है कि ऐसी स्थिति में उनका गैस कनेक्शन रद्द हो सकता है, लेकिन गैस कंपनियों के नियमों के अनुसार ऐसा नहीं होता।
हालांकि, नया सिलेंडर प्राप्त करने के लिए आपको कुछ जरूरी प्रक्रियाओं का पालन करना होता है। आइए जानते हैं कि सिलेंडर खोने या चोरी होने पर आपको क्या करना चाहिए।
सिलेंडर गायब होते ही तुरंत दर्ज कराएं शिकायत
यदि आपका एलपीजी सिलेंडर चोरी हो गया है या कहीं खो गया है, तो सबसे पहले अपने नजदीकी पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत करते समय सिलेंडर पर दर्ज यूनिक नंबर (Cylinder Number) जरूर बताएं। इससे सिलेंडर की पहचान करने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने में आसानी होती है।
गैस एजेंसी को तुरंत दें जानकारी
पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद अपनी गैस एजेंसी को लिखित रूप में पूरी घटना की जानकारी दें। इसके साथ आपको कुछ जरूरी दस्तावेज भी जमा करने होंगे, जिनमें शामिल हैं:
- ओरिजिनल सब्सक्रिप्शन वाउचर
- गैस कनेक्शन धारक का पहचान पत्र
- एफआईआर की कॉपी
इन दस्तावेजों के आधार पर गैस एजेंसी आगे की कार्रवाई शुरू करती है।
देना पड़ सकता है अतिरिक्त शुल्क
गैस कंपनियों के नियमों के अनुसार, सिलेंडर खोने या चोरी होने की स्थिति में उपभोक्ता से सिक्योरिटी राशि या जुर्माना लिया जा सकता है। यह राशि आमतौर पर 1,000 रुपये से 3,000 रुपये के बीच हो सकती है। यदि सिलेंडर के साथ रेगुलेटर भी गायब हो गया है, तो आपको अतिरिक्त शुल्क का भुगतान करना पड़ सकता है।
ऐसे मिलेगा नया LPG गैस सिलेंडर
जब गैस एजेंसी आपके सभी दस्तावेजों का सत्यापन कर लेती है और निर्धारित शुल्क या सिक्योरिटी राशि जमा हो जाती है, तब नया गैस सिलेंडर जारी कर दिया जाता है। इसलिए यदि आपका सिलेंडर चोरी हो जाए या गुम हो जाए, तो घबराने की बजाय तय प्रक्रिया का पालन करें। इससे आपका गैस कनेक्शन सुरक्षित रहेगा और आपको नया सिलेंडर आसानी से मिल जाएगा।