केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर विवाद को दूर करने पर पंजाब और हरियाणा सहमत हो गए हैं। दोनों पक्ष समाधान के दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।
अंतर-राज्यीय जल विवाद पर
चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने यह दावा किया। बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी समेत दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री पाटिल ने सोशल मीडिया पर लिखा, मंत्रालय जल संसाधनों के न्यायसंगत और बेहतर प्रबंधन के लिए दोनों राज्यों को पूरा सहयोग प्रदान करेगा। दिल्ली में सतलुज-यमुना लिंक नहर से जुड़े मुद्दों पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। केंद्र सरकार दोनों राज्यों को एक संतुलित समाधान खोजने में सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अगली बैठक अगस्त में
पंजाब और हरियाणा के बीच जल बंटवारे के लिए बनाई गई एसवाईएल नहर वर्षों से कानूनी और राजनीतिक विवाद का केंद्र है। अधिकारियों ने कहा कि आगे तकनीकी स्तर पर चर्चा होगी। दोनों राज्यों ने केंद्र के मार्गदर्शन में वार्ता जारी रखने की इच्छा जताई है। अगली बैठक अगस्त में होगी, जिसमें आगे की चर्चा की जाएगी।