Gold Price Outlook: कोटक सिक्योरिटीज में कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चेनवाला के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड की कीमतों में हल्की मजबूती देखने को मिली है और यह करीब $4,055 प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। इससे पहले सोना इंट्राडे में $4,022 प्रति औंस तक फिसला था, लेकिन $4,000 प्रति औंस का अहम मनोवैज्ञानिक स्तर बरकरार रहने से खरीदार दोबारा सक्रिय हो गए।
उन्होंने बताया कि चांदी की कीमतों में भी सकारात्मक रुख बना हुआ है और यह लगभग 1% की बढ़त के साथ $58 प्रति औंस के आसपास पहुंच गई है। उनका मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतें स्थिर रहती हैं और बॉन्ड यील्ड में नरमी जारी रहती है, तो सोना $4,100 प्रति औंस और चांदी $60 प्रति औंस के स्तर तक पहुंच सकती है।
हालांकि, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि सोने का भाव $4,000 प्रति औंस के महत्वपूर्ण सपोर्ट से नीचे फिसलता है, तो इसकी कीमत पहले $3,960 प्रति औंस तक आ सकती है। वहीं, अगर यह स्तर भी नहीं टिकता, तो सोने में गिरावट और तेज हो सकती है तथा भाव $3,700 प्रति औंस तक पहुंचने का जोखिम बना रहेगा।