Bank Holiday August 2026: बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) हर साल बैंक छुट्टियों की सूची जारी करता है, जिसमें अलग-अलग राज्यों और शहरों के अनुसार छुट्टियों की जानकारी दी जाती है। ऐसे में अगर आपको बैंक की किसी शाखा में जरूरी काम है, तो जाने से पहले अपने शहर की बैंक हॉलिडे लिस्ट जरूर चेक कर लें।
इसके अलावा, देशभर के बैंक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को भी बंद रहते हैं। आज 8 अगस्त 2026, शनिवार है और यह महीने का दूसरा शनिवार है। इसलिए आज पूरे देश में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।
8 अगस्त को क्यों बंद हैं बैंक?
आज 8 अगस्त को देशभर में बैंक दूसरे शनिवार के अवकाश के कारण बंद हैं। वहीं, गंगटोक में आज तेंदोंग लो रुम फात (Tendong Lho Rum Faat) त्योहार के चलते भी बैंक अवकाश है।
तेंदोंग लो रुम फात सिक्किम के लेपचा समुदाय का एक महत्वपूर्ण पारंपरिक त्योहार है। यह हर साल 8 अगस्त को मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है और तेंदोंग पहाड़ी को पवित्र मानते हुए उससे जुड़ी पारंपरिक मान्यताओं को सम्मान दिया जाता है।
बैंक बंद होने पर भी जारी रहेंगी ऑनलाइन सेवाएं
बैंक शाखाएं छुट्टी के दिन बंद रहती हैं, लेकिन ग्राहकों के लिए ज्यादातर डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं। मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए कई जरूरी काम किए जा सकते हैं। इसके अलावा UPI से भुगतान भी सामान्य रूप से किया जा सकता है।
हालांकि, अगर आपको चेक जमा करना है, नकद निकासी या बैंक शाखा से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो बैंक खुलने वाले दिन की जानकारी पहले से जरूर ले लें।
अगस्त 2026 में बाकी बैंक छुट्टियों की पूरी लिस्ट
अगस्त महीने में अलग-अलग राज्यों और शहरों में कई अवसरों पर बैंक बंद रहेंगे। छुट्टियों की प्रमुख तारीखें इस प्रकार हैं:
- 9 अगस्त, रविवार: देशभर में साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहेंगे।
- 13 अगस्त, गुरुवार: इंफाल, मणिपुर में Patriots Day के अवसर पर बैंक अवकाश रहेगा।
- 15 अगस्त, शनिवार: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे।
- 16 अगस्त, रविवार: रविवार के साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहेंगे।
- 19 अगस्त, बुधवार: अगरतला, त्रिपुरा में महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर जयंती के कारण बैंक बंद रहेंगे।
- 22 अगस्त, शनिवार: महीने के चौथे शनिवार के कारण देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
- 23 अगस्त, रविवार: साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
- 25 अगस्त, मंगलवार: कोच्चि और तिरुवनंतपुरम (केरल) तथा विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में ईद-ए-मिलाद और प्रथमा ओणम के कारण बैंक अवकाश रहेगा।
- 26 अगस्त, बुधवार: महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तराखंड, तेलंगाना, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल, दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड समेत कई राज्यों में स्थानीय त्योहारों के चलते बैंक बंद रहेंगे।
- 28 अगस्त, शुक्रवार: गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल और हिमाचल प्रदेश के कई शहरों में रक्षाबंधन, श्री नारायण गुरु जयंती, अय्यंकाली जयंती और पांग ल्हाबसोल जैसे अवसरों के कारण बैंक अवकाश रहेगा।
बैंक जाने से पहले जरूर चेक करें छुट्टी
बैंक की छुट्टियां पूरे देश में एक जैसी नहीं होती हैं। कुछ अवकाश केवल विशेष राज्यों या शहरों में लागू होते हैं। इसलिए बैंक जाने से पहले RBI की छुट्टियों की सूची या अपने बैंक की स्थानीय शाखा से छुट्टी की जानकारी जरूर जांच लें।
जरूरी बैंकिंग काम, जैसे चेक जमा करना या नकद लेन-देन, छुट्टी से पहले निपटा लेना बेहतर रहेगा। वहीं, सामान्य डिजिटल लेन-देन के लिए इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।