24 कैरेट सोना फिर हुआ महंगा, जानिए 10 ग्राम गोल्ड का नया ताजा रेट

Saroj kanwar
4 Min Read

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। डॉलर इंडेक्स में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने कीमती धातुओं को मजबूत समर्थन दिया। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच जारी शांति वार्ता में सकारात्मक संकेत मिलने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जिसका असर कमोडिटी मार्केट में साफ दिखाई दे रहा है।

सोना और चांदी चमके, निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी

ग्लोबल मार्केट में हाजिर सोने की कीमत करीब 1.4 फीसदी बढ़कर 4,570.88 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई। वहीं, अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में जून डिलीवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट्स 1.1 फीसदी की तेजी के साथ 4,572.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते नजर आए।

विशेषज्ञों के अनुसार डॉलर में कमजोरी आने से विदेशी निवेशकों के लिए सोना खरीदना पहले के मुकाबले सस्ता हो गया है, जिससे इसकी मांग में तेजी आई है। केवल सोना ही नहीं, बल्कि चांदी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। हाजिर चांदी की कीमत 3.9 फीसदी उछलकर 78.42 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई।

इसके अलावा अन्य कीमती धातुओं में भी मजबूती देखी गई। प्लैटिनम 1.9 फीसदी बढ़कर 1,959.85 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि पैलेडियम का भाव भी लगभग 1.9 फीसदी चढ़कर 1,373.25 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया।

अमेरिका-ईरान वार्ता से बाजार को राहत

वैश्विक निवेशकों की नजर इस समय अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत पर टिकी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिए थे कि दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। माना जा रहा है कि यदि यह समझौता सफल होता है, तो दुनिया के अहम तेल मार्ग स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को दोबारा पूरी तरह खोला जा सकता है।

हालांकि, रविवार को ट्रंप ने अपने अधिकारियों को इस मामले में जल्दबाजी न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते को सोच-समझकर अंतिम रूप दिया जाना चाहिए। इस बयान के बाद युद्ध समाप्त होने की उम्मीदों को थोड़ी धीमी जरूर लगी, लेकिन वार्ता जारी रहने से बाजार में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।

कच्चे तेल में भारी गिरावट

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों के चलते कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 5.08 फीसदी टूटकर 98.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड का भाव 5.29 फीसदी गिरकर 91.49 डॉलर प्रति बैरल दर्ज किया गया।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 19 मई को समाप्त सप्ताह के दौरान सोने के सटोरियों ने अपनी नेट लॉन्ग पोजीशन 6,239 कॉन्ट्रैक्ट घटाकर 94,388 कर दी है, जो निवेशकों की बदलती रणनीति को दर्शाता है।

भारत में सोना-चांदी के ताजा रेट

भारतीय रिटेल बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में हल्की तेजी देखने को मिली। फिलहाल देश में सोने का रेट 1,59,350 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है। वहीं, चांदी की कीमत 2,72,290 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय हालात, डॉलर की चाल और कच्चे तेल की कीमतें सोने-चांदी की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *