मई का महीना खत्म होने वाला है और अब लोगों की नजर जून महीने पर टिकी हुई है। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी 1 जून से उत्तर प्रदेश में कई नए नियम लागू होने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर आम जनता, सरकारी कर्मचारियों, किसानों और उपभोक्ताओं पर सीधे तौर पर देखने को मिलेगा।
अगर आप उत्तर प्रदेश के निवासी हैं तो इन नए नियमों और बदलावों के बारे में जानना आपके लिए बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं 1 जून 2026 से यूपी में क्या-क्या बदलने वाला है।
सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बढ़ा हुआ डीए
उत्तर प्रदेश सरकार ने करीब 16 लाख राज्य कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद डीए 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा।
जून में मिलने वाली मई की सैलरी के साथ कर्मचारियों को एरियर का फायदा भी मिलने की उम्मीद है। इससे लाखों कर्मचारियों की मासिक आय में बढ़ोतरी होगी।
दिव्यांग और नेत्रहीन मकान मालिकों को टैक्स में राहत
वाराणसी समेत प्रदेश के कई नगर निगम क्षेत्रों में दिव्यांग और नेत्रहीन मकान मालिकों को बड़ी राहत दी गई है। नए नियम के तहत योग्य लोगों को हाउस टैक्स, पानी टैक्स और सीवर टैक्स में 80 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आवेदक को केवल अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा करने पर मिलेगा डिस्काउंट
नगर निगम ने हाउस टैक्स भुगतान को बढ़ावा देने के लिए नई योजना शुरू की है। अगर कोई व्यक्ति 15 जुलाई तक अपना हाउस टैक्स ऑनलाइन जमा करता है तो उसे कुल टैक्स राशि पर 12 फीसदी तक की छूट दी जाएगी।
इस कदम का उद्देश्य लोगों को डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना है।
बिजली बिल के लिए लागू होगा नया शेड्यूल
यूपी सरकार ने बिजली बिल भुगतान व्यवस्था में भी बदलाव किया है। अब हर महीने की 10 तारीख तक उपभोक्ताओं को बिजली बिल का विवरण उपलब्ध कराया जाएगा।
उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए 25 तारीख तक का समय मिलेगा। तय समय के बाद भुगतान नहीं करने पर बिजली कटौती जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
किसानों को खरीफ बीजों पर मिलेगी 50% सब्सिडी
खरीफ सीजन की तैयारी कर रहे किसानों के लिए भी राहत की खबर है। सरकार किसानों को खरीफ फसलों के बीजों पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है।
सरकारी बीज भंडारों से दो हेक्टेयर तक की खेती के लिए किसानों को आधी कीमत पर बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, इस योजना का लाभ लेने के लिए कृषि विभाग के ‘दर्शन पोर्टल’ पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
शराब और बीयर की कीमतों में हो सकती है बढ़ोतरी
1 जून से शराब और बीयर के दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और पैकेजिंग लागत बढ़ने की वजह से कीमतों में 20 फीसदी तक का इजाफा हो सकता है।
कांच की बोतलों और एल्युमिनियम कैन की बढ़ती लागत को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है।
जून से पहले जान लें नए नियम
1 जून 2026 से लागू होने वाले ये बदलाव सीधे आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डाल सकते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि आप पहले से इन नियमों की जानकारी रखें और जरूरी तैयारी कर लें।