रतलाम पुलिस का डंका: सीसीटीएनएस रैंकिंग में प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान

Saroj kanwar
3 Min Read

​रतलाम, 24 अप्रैल(इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक के बेहतर क्रियान्वयन में बड़ी सफलता हासिल की है। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (SCRB), पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा जारी वर्ष 2026 की मासिक रैंकिंग में रतलाम जिले ने ‘ए’ श्रेणी के जिलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में जिले ने यह उपलब्धि हासिल की है।


​रतलाम पुलिस ने डेटा एंट्री की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देते हुए अपनी रैंकिंग में निरंतर सुधार किया है। ​जनवरी 2026 में जिला तीसरे स्थान पर रहा। ​फरवरी 2026 में पहली बार प्रथम स्थान प्राप्त किया। ​मार्च 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखते हुए पुनः प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया।

​डिजिटल साक्ष्य और ई-विवेचना बनी ताकत
​जिले के सभी थानों में सीसीटीएनएस (CCTNS) सॉफ्टवेयर के माध्यम से एफआईआर से लेकर चालान तक की प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है। इसके साथ ही अन्य आधुनिक प्लेटफॉर्म्स का भी प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।​ घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी को सीधे साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया जा रहा है। टैबलेट्स के माध्यम से फील्ड स्तर पर विवेचना को डिजिटल बनाया गया है। ई-प्रॉसिक्यूशन व विधिक राय और फोरेंसिक रिपोर्ट समय पर प्राप्त होने से जांच में तेजी आई है। समंस और वारंट की तामीली अब पहले से कहीं अधिक तेज और पारदर्शी हो गई है।

​इनकी मेहनत लाई रंग
​जिला मुख्यालय पर पदस्थ सीसीटीएनएस की विशेष टीम इस सफलता की मुख्य धुरी रही है। इसमें प्रधान आरक्षक बलराम पाटीदार, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह बिष्ट, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक लोमेश शर्मा एवं प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) सपना भाटिया शामिल हैं। यह टीम 24 घंटे थानों के साथ समन्वय कर तकनीकी समस्याओं का समाधान करती है और पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करती है।

​”यह उपलब्धि टीम वर्क और आधुनिक तकनीक के प्रति हमारे समर्पण का परिणाम है। सीसीटीएनएस और आईसीजेएस जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए हम न केवल अपराधियों तक तेजी से पहुँच रहे हैं, बल्कि न्याय प्रणाली को भी पारदर्शी बना रहे हैं।”
— अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, रतलाम

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *