बुरहानपुर में चाय-पान पीने वाला बकरा बना आकर्षण, बकरीद से पहले 786 कनेक्शन वाली कीमत में बिका

Saroj kanwar
3 Min Read

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में बकरीद का त्योहार नजदीक आते ही शहर के प्रसिद्ध पाला बाजार स्थित बकरा बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। यहां 20 हजार रुपए से लेकर 1 लाख रुपए तक के बकरे बिक रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार कुछ बकरे अपनी अनोखी आदतों की वजह से लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

बुरहानपुर के अलावा महाराष्ट्र और गुजरात से भी व्यापारी बड़ी संख्या में बाजार पहुंच रहे हैं। अच्छी नस्ल और खास देखभाल वाले बकरों की मांग सबसे ज्यादा बताई जा रही है।

ड्रायफ्रूट्स और पान खाने वाले बकरे चर्चा में

इस बार बाजार में पहुंचे दो खास बकरों ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इनके मालिकों का दावा है कि ये बकरे सामान्य चारा कम और काजू-बादाम जैसे ड्रायफ्रूट्स ज्यादा पसंद करते हैं। इतना ही नहीं, इन्हें मीठा पान भी खिलाया जाता है।

इन बकरों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंच रहे हैं। कई लोग इनके साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।

चाय पीने वाला बकरा बना लोगों की पसंद

बाजार में एक और बकरा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे चाय पीने की आदत है। उसका मालिक उसे रोज शहर के इकबाल चौक पर चाय पिलाने लेकर जाता है।

मालिक का कहना है कि अगर बकरे को चाय न मिले तो वह सुस्त हो जाता है। चाय पीते इस बकरे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है और राहगीर भी रुककर उसे देखने लगते हैं।

1.11 लाख रुपए में बिका खास बकरा

बकरा पालक अफजल खान ने बताया कि उनके ड्रायफ्रूट्स, पान और चाय पसंद करने वाले खास बकरे को गुजरात के एक व्यापारी ने 1 लाख 11 हजार 786 रुपए में खरीदा।

उन्होंने कहा कि उन्होंने सालभर इन बकरों को बच्चों की तरह पाला था, इसलिए बिक्री के समय वे भावुक भी हो गए।

बकरीद से पहले तेज हुई खरीदारी

बुरहानपुर में बकरीद के मौके पर बड़े पैमाने पर कुर्बानी दी जाती है। इसी वजह से त्योहार से पहले बकरों की खरीद-फरोख्त तेजी से बढ़ गई है। इस बार खास आदतों वाले बकरों ने बाजार की रौनक को और भी बढ़ा दिया है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *