पश्चिम बंगाल में सरकार परिवर्तन के बाद राज्य में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई देखने को मिल रही है। इसी क्रम में हावड़ा नगर पालिका क्षेत्र में बिना अनुमति बनाए गए मकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्रवाई हावड़ा के वार्ड नंबर 44 स्थित शरत चटर्जी रोड इलाके में की गई, जहां एक अवैध निर्माण को गिराने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, जिस भवन को तोड़ा जा रहा है, उसे केवल ग्राउंड प्लस वन (Ground+1) निर्माण की अनुमति मिली थी, लेकिन आरोप है कि इसे नियमों के खिलाफ बढ़ाकर पांच मंजिल तक बना दिया गया। इस शिकायत के बाद नगर पालिका प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय प्रशासन की ओर से पहले भी इस निर्माण को लेकर शिकायतें दर्ज की गई थीं, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब कार्रवाई तेज होने के बाद भारी पुलिस बल और नगर पालिका के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और अवैध निर्माण को गिराने का काम जारी है।