तेहरान: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच अब पाकिस्तान की भी एंट्री हो गई है। तेहरान में अमेरिका का संदेश लेकर पहुंचे पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने कड़े तेवर दिखाते हुए साफ शब्दों में चेतावनी दे दी कि ईरान किसी भी दबाव में झुकने वाला नहीं है।
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, तेहरान में हुई इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के दौरान माहौल बेहद तनावपूर्ण रहा। रिपोर्ट्स के अनुसार, गालिबाफ ने असीम मुनीर से दोटूक कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान अपने देश और जनता के अधिकारों को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।
ईरान ने पाकिस्तान को यह भी संदेश दिया कि वह अमेरिका की तरफदारी करना बंद करे, क्योंकि तेहरान केवल अपनी शर्तों पर ही बातचीत करेगा। इस दौरान गालिबाफ ने ईरान की सैन्य ताकत का जिक्र करते हुए दावा किया कि सीजफायर के दौरान ईरानी सेना ने अपनी क्षमताओं को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत कर लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, गालिबाफ ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर अमेरिका ने दोबारा किसी तरह की सैन्य कार्रवाई की कोशिश की, तो उसका जवाब पहले से ज्यादा “कठोर और विनाशकारी” होगा।
इस बैठक की सामने आई तस्वीरों को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में असीम मुनीर शांत और गंभीर नजर आ रहे हैं, जबकि गालिबाफ बेहद आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखते दिखाई दे रहे हैं।
कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि अमेरिका ने पाकिस्तान के जरिए ईरान तक अपना संदेश पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तेहरान ने साफ कर दिया कि वह किसी भी बाहरी दबाव के आगे झुकने को तैयार नहीं है।