नई दिल्ली: नेपाल की राजधानी काठमांडू हवाई अड्डे पर एक भीषण दुर्घटना टल गई, जब विमान लैंडिंग के दौरान बाल-बाल बच गया। विमान के उतरते ही त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि उसके एक पहिए में आग लग गई थी। विमान में 278 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य सवार थे।
आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस सूत्रों के हवाले से एएनआई की एक रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। यह घटना सोमवार तड़के 6:45 बजे हुई।
सुरक्षा अधिकारी ने महत्वपूर्ण जानकारी दी।
काठमांडू हवाई अड्डे के सुरक्षा अधीक्षक (एसपी) राजकुमार सिलावल ने एएनआई को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट टी.के. 726 इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी, तभी लैंडिंग के दौरान उसके एक टायर में आग लग गई।
दमकलकर्मियों के अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, विमान में कुल 278 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य सवार थे। यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कई अधिकारी भी शामिल थे।