राहुल-प्रियंका के बारिश में भीगने पर एक्शन, ओम बिरला ने बुलाई बड़ी बैठक

Saroj kanwar
4 Min Read

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संसद परिसर के मकर द्वार पर बारिश में बिना छाते भीगने का वीडियो वायरल होने के बाद अब इसका असर नजर आने लगा है। वीडियो सामने आने के करीब 24 घंटे के भीतर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) और संबंधित आर्किटेक्ट्स के साथ आपात बैठक की। बैठक में सांसदों और संसद कर्मचारियों को बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से बचाने के लिए मकर द्वार पर शेड या पोर्च बनाने पर चर्चा हुई।

लोकसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग और संबंधित आर्किटेक्ट्स को मकर द्वार पर द्वार मंडप (पोर्च) बनाए जाने की संभावनाओं का अध्ययन करने और इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

बारिश में सांसदों और कर्मचारियों को हो रही थी परेशानी

संसद का मानसून सत्र चल रहा है और पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में लगातार बारिश देखने को मिल रही है। ऐसे में नए संसद भवन के मकर द्वार से आने-जाने वाले सांसदों, पत्रकारों और कर्मचारियों को बारिश का सामना करना पड़ रहा है। मकर द्वार के बाहर फिलहाल ऐसा कोई स्थायी शेड नहीं है, जहां लोग खराब मौसम के दौरान कुछ देर रुक सकें।

ओम बिरला ने इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को समाधान तलाशने के निर्देश दिए हैं। पोर्च बनने से संसद भवन में प्रवेश और बाहर निकलने के दौरान सांसदों व कर्मचारियों को बारिश और तेज धूप से राहत मिलने की उम्मीद है।

पुराने संसद भवन की तरह बनेगा पोर्च

नए संसद भवन के मकर द्वार पर फिलहाल पोर्च की सुविधा नहीं है, जबकि पुराने संसद भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर पोर्च बना हुआ था। इसका इस्तेमाल सांसद बारिश और तेज धूप से बचने के लिए करते थे।

अब इसी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नए संसद भवन के मकर द्वार पर भी शेड या पोर्च तैयार करने का प्रस्ताव सामने आया है। लोकसभा अध्यक्ष ने सीपीडब्ल्यूडी और आर्किटेक्ट्स से पुराने संसद भवन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए भवन के लिए उपयुक्त डिजाइन और योजना तैयार करने को कहा है।

राहुल-प्रियंका के वीडियो के बाद चर्चा में आया मुद्दा

लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश से एक दिन पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों नेता संसद भवन के बाहर मकर द्वार के पास बारिश के बीच बिना छाते के नजर आए थे।

वीडियो वायरल होने के बाद संसद भवन के मकर द्वार पर बारिश से बचाव के लिए शेड या पोर्च नहीं होने का मुद्दा भी चर्चा में आ गया। अब लोकसभा अध्यक्ष की बैठक और सीपीडब्ल्यूडी से फिजिबिलिटी रिपोर्ट मांगे जाने के बाद मकर द्वार पर पोर्च बनाए जाने की संभावना बढ़ गई है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *