RAC यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब ट्रेन में मिलेगा चादर, कंबल और तकिया

Saroj kanwar
2 Min Read

रेलवे में आरएसी (RAC) टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि एसी श्रेणी में यात्रा करने वाले हर आरएसी यात्री को पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए। इस किट में चादर, कंबल और तकिया समेत जरूरी सामान शामिल होगा।

सभी जोनल रेलवे को जारी किए गए निर्देश

रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर ईएनएचएम लव शुक्ला ने मंगलवार को इस संबंध में पत्र जारी किया। इसमें स्पष्ट किया गया है कि एसी चेयरकार को छोड़कर अन्य एसी श्रेणियों में सफर करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को पूर्ण बेडरोल किट दिया जाना चाहिए।

रेलवे के नियमों के मुताबिक एसी कोच में यात्रा करने वाले आरएसी यात्रियों के लिए भी बेडरोल किट उपलब्ध कराने का प्रावधान पहले से है। इसके बावजूद कई यात्रियों को किट नहीं मिलने या जरूरत के मुकाबले कम बेडरोल उपलब्ध होने की शिकायतें मिल रही थीं।

कंफर्म यात्रियों के समान मिलेगी सुविधा

रेलवे बोर्ड ने जोनल रेलवे को इन शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान देने और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। आदेश के मुताबिक, एसी कोच में यात्रा करने वाले आरएसी यात्रियों को भी उसी तरह पूरा बेडरोल किट दिया जाएगा, जैसा उसी कोच में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों को मिलता है।

इस फैसले से आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सफर के दौरान चादर, कंबल और तकिया जैसी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *