घरेलू एलपीजी (LPG) गैस उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। जिन लोगों ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन का e-KYC पूरा नहीं कराया है, उन्हें 18 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। तय समय सीमा के भीतर e-KYC नहीं कराने पर गैस सब्सिडी मिलने में परेशानी आ सकती है। सरकार गैस उपभोक्ताओं का सत्यापन कर रही है ताकि केवल पात्र लाभार्थियों को ही सब्सिडी का लाभ मिल सके।
18 अगस्त से पहले पूरा करें e-KYC
गैस एजेंसियों के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द e-KYC प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। इसके लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी इंडियन ऑयल गैस डिस्ट्रीब्यूटर या गैस एजेंसी पर जाकर आधार कार्ड और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की मदद से e-KYC करा सकते हैं।
घर बैठे मोबाइल से भी कर सकते हैं e-KYC
जो लोग नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से अपने शहर या जिले से बाहर रह रहे हैं, उन्हें गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है। वे अपने स्मार्टफोन से घर बैठे e-KYC पूरी कर सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले Indian Oil One App डाउनलोड करें। इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करें और OTP के जरिए मोबाइल नंबर सत्यापित करें। फिर फेस ऑथेंटिकेशन (Face Authentication) पूरा करें। पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है।
तकनीकी दिक्कत आने पर क्या करें?
यदि किसी उपभोक्ता को e-KYC के दौरान तकनीकी समस्या आती है, तो वह अपने नजदीकी गैस एजेंसी से संपर्क कर सकता है। एजेंसी के कर्मचारी आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर e-KYC पूरी कराने में सहायता करेंगे।
इंडियन गैस प्लांट, गीधा आरा के प्रबंधक धीरेज कुमार के अनुसार, सभी उपभोक्ताओं को 18 अगस्त से पहले e-KYC पूरा कर लेना चाहिए ताकि गैस सब्सिडी बिना किसी रुकावट के मिलती रहे और भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कच्चे तेल की कीमत फिर 80 डॉलर के पार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिली है। 6 अगस्त सुबह करीब 7:20 बजे ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर 80.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जो पिछले स्तर से लगभग 68 सेंट अधिक है। इसके साथ ही LPG, CNG, पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर भी बाजार की नजर बनी हुई है।
क्या महंगा हो सकता है LPG सिलेंडर?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार एलपीजी (LPG) और एलएनजी (LNG) उपभोक्ताओं पर नया शुल्क लगाने की योजना पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य 42 अरब डॉलर की रणनीतिक ईंधन भंडारण योजना (Strategic Fuel Reserve Scheme) के लिए फंड जुटाना है। ईरान युद्ध के दौरान सामने आई आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के बाद सरकार ईंधन सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में यह कदम उठा सकती है।
इस योजना के तहत पहली बार कच्चे तेल के साथ-साथ गैस का भी रणनीतिक भंडारण बढ़ाने की तैयारी है। लक्ष्य लगभग दो महीने की कच्चे तेल और LNG की मांग तथा करीब छह सप्ताह की LPG खपत के बराबर भंडार तैयार करना है।
घरेलू सिलेंडर करीब 18 रुपये तक हो सकता है महंगा
प्रस्तावित योजना के अनुसार, LPG पर 1.29 रुपये प्रति किलोग्राम का अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में लगभग 18 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है।
इसी तरह, प्राकृतिक गैस (Natural Gas) पर 1.43 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) का शुल्क प्रस्तावित है। मौजूदा खपत के आधार पर इससे सरकार को हर साल लगभग 1 अरब डॉलर का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है।