पुणे के युवा कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। शुरुआत में बालों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले छोटे से विग पैच की चर्चा से शुरू हुआ यह मामला अब देशभर में सुर्खियां बटोर रहा है। पुलिस जांच, परिवारों के बयान और आरोप-प्रत्यारोप के बीच केस लगातार नए मोड़ ले रहा है। इसी बीच महाराष्ट्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी जांच और फास्ट ट्रैक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस ने सिया गोयल के भाई को भी पूछताछ के लिए लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन बुलाया।
क्या विग पैच बना विवाद की वजह?
पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन अग्रवाल बालों की समस्या के कारण छोटा सा विग पैच पहनते थे। हालांकि, जांच अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि यही वजह सिया गोयल के मन में उनके प्रति नाराजगी का कारण थी।
दूसरी ओर, केतन के पिता विशाल अग्रवाल का कहना है कि उन्होंने सिया और उसके परिवार को पहले ही इस बात की जानकारी दे दी थी कि उनका बेटा विग पैच का इस्तेमाल करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई व्यक्ति विग पहनता है, तो क्या यह किसी की हत्या का कारण बन सकता है? विशाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग भी की है।
पुलिस का दावा- प्रेमी चेतन ने रची पूरी साजिश
पुलिस जांच के मुताबिक, 20 वर्षीय सिया गोयल और 22 वर्षीय चेतन चौधरी एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि चेतन ने ही सिया को अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने के लिए उकसाया था।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को दोनों ने पहले से बनाई गई योजना के तहत लोहागढ़ किले पर केतन को बुलाया। वहां सिया ने तयशुदा संकेत दिया, जिसके बाद चेतन ने कथित रूप से 25 वर्षीय केतन को खाई में धक्का दे दिया। जांच अधिकारियों का कहना है कि केतन को इस साजिश की कोई भनक तक नहीं थी।
सबूत जुटाने में जुटी पुलिस
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिनेश तायडे ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा चुका है और मामले की जांच तेजी से जारी है। पुलिस लगातार सबूत इकट्ठा कर रही है और इस केस से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और पुलिस के हर सवाल का स्पष्ट जवाब दे रहा है।
सिया की मां का दावा- बेटी ट्रेक पर नहीं जाना चाहती थी
इस मामले में एक नया पहलू तब सामने आया जब सिया गोयल की मां ने दावा किया कि उनकी बेटी 18 जून को लोहागढ़ किले पर जाने के पक्ष में नहीं थी।
उनके मुताबिक, 17 जून की शाम केतन और सिया के बीच वीडियो कॉल हुई थी, जिसमें केतन ने ट्रेक पर चलने के लिए आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि उस दौरान केतन की मां ने भी सिया से साथ चलने की बात कही थी। सिया की मां का कहना है कि अगले दिन परिवार में एक कार्यक्रम होने के कारण उनकी बेटी आराम करना चाहती थी और ट्रेक पर जाने के लिए इच्छुक नहीं थी। हालांकि, पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है।
नवंबर में होनी थी शादी, तैयारियां थीं अंतिम चरण में
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर में प्रस्तावित थी। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त थे।
सिया के पिता ने उन रिपोर्टों का खंडन किया है, जिनमें शादी को लेकर चार्टर्ड विमान और बेहद महंगे इंतजामों का दावा किया गया था। उन्होंने बताया कि उदयपुर के एक होटल में करीब 70 कमरे बुक किए गए थे, जहां प्रति दंपती प्रतिदिन लगभग 81 हजार रुपये का खर्च तय था। उनके अनुसार, पूरी शादी का बजट तीन करोड़ रुपये से अधिक नहीं था।
उन्होंने कहा कि यह घटना दोनों परिवारों के लिए बेहद दुखद है और यदि उनकी बेटी जांच में दोषी पाई जाती है, तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।