गर्मी बढ़ते ही कूलर और पंखे अक्सर राहत देने में नाकाम साबित होने लगते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग नया एयर कंडीशनर खरीदने का सोचते हैं, लेकिन महंगे दाम और बढ़ते बिजली बिल की चिंता उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर देती है। अगर आपका बजट कम है और आप सस्ता लेकिन दमदार AC तलाश रहे हैं, तो टेक कंपनी Oakter का नया मिनी इन्वर्टर AC आपके लिए एक अच्छा विकल्प बन सकता है।
कंपनी ने अपना नया Studio AC 5000 लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत ₹14,499 + GST रखी गई है। खास बात यह है कि इसकी कुल कीमत टैक्स के बाद भी ₹17,000 से कम रहती है, जो इसे बाजार के कई प्रीमियम कूलर की कीमत के बराबर बनाती है।
छोटे कमरों के लिए खास डिजाइन
Oakter का यह 0.5 टन क्षमता वाला 3-स्टार इन्वर्टर विंडो AC खासतौर पर स्टडी रूम, छोटे ऑफिस, स्टूडियो अपार्टमेंट और कॉम्पैक्ट स्पेस के लिए तैयार किया गया है। कंपनी ने इसमें पुराने फिक्स्ड-स्पीड कंप्रेसर की जगह नई इन्वर्टर टेक्नोलॉजी दी है, जिससे बिजली की खपत काफी कम हो जाती है।
बिजली की कम खपत, कम खर्च
कंपनी के मुताबिक यह AC सिर्फ 500W बिजली खर्च करता है। यानी अगर इसे 2 घंटे चलाया जाए तो लगभग 1 यूनिट बिजली की खपत होगी। ऐसे में जिन शहरों में बिजली की दर करीब ₹8 प्रति यूनिट है, वहां इसका रनिंग कॉस्ट लगभग ₹4 प्रति घंटा बैठता है।
इनवर्टर पर भी करेगा काम
इस मिनी AC की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे चलाने के लिए भारी-भरकम 16A प्लग की जरूरत नहीं पड़ती। यह सामान्य 6A सॉकेट पर आसानी से चल जाता है। इतना ही नहीं, बिजली जाने पर यह 1200VA होम इन्वर्टर पर भी काम कर सकता है, ठीक वैसे ही जैसे घर का पंखा चलता है।
हल्का और आसान मेंटेनेंस
करीब 22 किलोग्राम वजन वाले इस AC को कंपनी ने सर्विस-फ्रेंडली डिजाइन के साथ पेश किया है, जिससे इसकी सफाई और मेंटेनेंस आसान हो जाती है। इसमें एंटी-डस्ट फिल्टर और लो-नॉइज ऑपरेशन जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
इसके अलावा, AC में खास CWRC कूलिंग सिस्टम लगाया गया है, जो बाहर पानी टपकने की समस्या को काफी हद तक कम करता है।
वारंटी और उपलब्धता
Oakter अपने इस मिनी AC पर 1 साल की ओवरऑल वारंटी और कंप्रेसर पर 5 साल की वारंटी दे रही है। ग्राहक इसे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, ऑनलाइन मार्केटप्लेस और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खरीद सकते हैं।