8th Pay Commission को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। कर्मचारी संगठनों ने सरकार के सामने सालाना इंक्रीमेंट बढ़ाने की मांग रखी है। मौजूदा समय में कर्मचारियों को हर साल 3% इंक्रीमेंट मिलता है, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 5% से 7% तक करने की मांग हो रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, NC-JCM और अन्य कर्मचारी संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के लिए जो मेमोरेंडम तैयार किया है, उसमें 6% सालाना इंक्रीमेंट का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा फिटमेंट फैक्टर को 3.83 तक करने और न्यूनतम बेसिक सैलरी ₹69,000 करने की मांग की गई है।
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि महंगाई और जीवन-यापन की बढ़ती लागत को देखते हुए मौजूदा 3% इंक्रीमेंट पर्याप्त नहीं है। इसलिए नए वेतन आयोग में ऐसा फॉर्मूला लाने की मांग की जा रही है, जिससे हर साल कर्मचारियों की सैलरी में ज्यादा बढ़ोतरी हो सके।
बताया जा रहा है कि 8वां वेतन आयोग फिलहाल विभिन्न कर्मचारी संगठनों और विभागों से सुझाव ले रहा है। आयोग की बैठकों का दौर जारी है और अलग-अलग राज्यों में भी परामर्श बैठकें हो रही हैं।
हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से सालाना इंक्रीमेंट बढ़ाने पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। आयोग की सिफारिशें आने के बाद ही यह साफ होगा कि कर्मचारियों की सैलरी और इंक्रीमेंट में कितना बदलाव होगा।