तेहरान: पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव के बीच अब शांति की उम्मीदें फिर से तेज हो गई हैं। ईरान में इस समय अमेरिका के साथ संभावित शांति वार्ता को लेकर अंतिम दौर की कोशिशें चल रही हैं। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो दोनों देशों के बीच वर्षों से चली आ रही टकराव की स्थिति जल्द ही खत्म हो सकती है।
अल अरबिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच एक अहम समझौते का अंतिम ड्राफ्ट लगभग तैयार हो चुका है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ घंटों में इस डील की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस बेहद संवेदनशील और गोपनीय समझौते की कुछ अहम शर्तें सामने आई हैं। इन्हीं शर्तों के आधार पर दोनों देशों ने तनाव कम करने और बातचीत के जरिए आगे बढ़ने का रास्ता चुना है। माना जा रहा है कि इस कदम के बाद दोनों पक्ष सैन्य टकराव से पीछे हटने और कूटनीतिक संबंधों को नई दिशा देने पर सहमत हो सकते हैं।
हालांकि अभी तक किसी भी सरकार की ओर से इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अगर यह समझौता घोषित होता है तो यह अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।