रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। बढ़ती मांग और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए भारतीय रेलवे ने राजस्थान के जालोर जिले को दिल्ली से जोड़ने के लिए नई सीधी रेल सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। इस नई कनेक्टिविटी से दिल्ली और राजस्थान के बीच यात्रा पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार, 22 मई को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भुज–दिल्ली स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन खासतौर पर रात्रिकालीन सेवा के रूप में शुरू की जा रही है, ताकि यात्री रात में यात्रा कर सुबह तक अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
यह ट्रेन भीलड़ी, जालोर, पाली मारवाड़ और मारवाड़ जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए दिल्ली पहुंचेगी। लंबे समय से स्थानीय लोग इस सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है।
सरकारी मंजूरी 8 अप्रैल को दी गई थी, और अब इसके औपचारिक संचालन की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस सेवा से यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा और अधिक आरामदायक होगी।
प्रमुख स्टॉपेज
भुज से दिल्ली तक चलने वाली यह ट्रेन कई अहम स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें अंजार, गांधीधाम, भाचाऊ, भीलड़ी, धनेरा, रणवारा, मारवाड़, भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदारी, लूणी, पाली, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी शामिल हैं।
इस नई सेवा से राजस्थान, गुजरात और दिल्ली के बीच यात्रा और व्यापारिक आवागमन को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुंबई–उत्तराखंड ट्रेन सेवा का विस्तार
इसी बीच भारतीय रेलवे ने एक और अहम कदम उठाते हुए मुंबई सेंट्रल और काठगोदाम के बीच चलने वाली सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन की अवधि भी बढ़ा दी है।
गर्मी के सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, जिससे यात्रियों को उत्तराखंड जैसे लोकप्रिय गंतव्यों—देहरादून, ऋषिकेश और रामनगर—तक पहुंचने में आसानी होगी।
यह ट्रेन मुंबई से शुरू होकर सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा और मथुरा जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए हल्द्वानी और लाल कुआं होते हुए काठगोदाम तक पहुंचती है।
इस विस्तार से पश्चिमी भारत और उत्तराखंड के बीच यात्रा और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।