अमेरिका के Idaho राज्य में आयोजित मशहूर Gunfighter Skies Air Show के दौरान बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। एयर शो में करतब दिखा रहे अमेरिकी नौसेना के दो EA-18G Growler लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद दोनों विमान तेजी से जमीन की ओर गिरने लगे और टकराते ही उनमें जोरदार विस्फोट हो गया। राहत की बात यह रही कि सभी पायलट समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
इस खौफनाक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एयर शो के दौरान दोनों फाइटर जेट बेहद करीब उड़ान भर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और दोनों विमान हवा में ही टकरा गए। टक्कर के तुरंत बाद विमान नीचे गिरने लगे और जमीन से टकराते ही आग और काले धुएं का बड़ा गुबार उठ गया।
यह घटना रविवार को Mountain Home Air Force Base के पास आयोजित एयर शो के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों जेट फॉर्मेशन फ्लाइंग स्टंट कर रहे थे। टक्कर के बाद कुछ ही सेकंड में स्थिति बेहद गंभीर हो गई, लेकिन पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते इजेक्ट कर लिया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों विमानों में कुल चार क्रू मेंबर्स मौजूद थे। सभी ने क्रैश से ठीक पहले पैराशूट की मदद से सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद एयरबेस के आसपास तुरंत इमरजेंसी टीमों को तैनात किया गया। सुरक्षा कारणों से एयर शो को तत्काल रद्द कर दिया गया और पूरे बेस को लॉकडाउन कर दिया गया। फिलहाल बचाव और जांच एजेंसियां इलाके को सुरक्षित करने के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हुए दोनों EA-18G Growler विमान Naval Air Station Whidbey Island से जुड़े थे। अमेरिकी नौसेना और वायु सेना ने मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हवा में हुई इस टक्कर के पीछे आखिर क्या वजह थी।