रतलाम, 01 अप्रैल (इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले में पुलिसिंग के स्तर को सुधारने और मैदानी स्तर पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए एक सराहनीय अभिनव पहल की शुरुआत की है। अब जिले में हर सप्ताह पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसी कड़ी में, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पिछले एक सप्ताह में बेहतरीन कार्य करने वाले 19 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
सम्मान समारोह के दौरान एसपी अमित कुमार ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा पैदा करना है। जब अच्छे काम को पहचान मिलती है, तो पूरी टीम का मनोबल बढ़ता है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल ने भी सम्मानित कर्मियों को भविष्य में इसी ऊर्जा के साथ सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
सम्मानित पुलिसकर्मी
रेखा चौधरी निरीक्षक, महिला थाना महिलाओं व बालिकाओं को मुख्य धारा से जोड़ने हेतु जागरूकता अभियान।
मो. इरफान खान उप निरीक्षक, रावटी एक ही सप्ताह में 03 अपहृत बालिकाओं की सुरक्षित दस्तियाबी।
शशिकला चौहान उप निरीक्षक, जावरा शहर 4 साल की लावारिस बालिका को सुरक्षित परिजनों तक पहुँचाया।
वी. डी. जोशी उप निरीक्षक, ताल 12 घंटे में नकबजनी का खुलासा कर ₹1.80 लाख का माल बरामद किया।
मनोज पाटीदार उप निरीक्षक, आलोट 2012 से फरार ₹10 हजार के इनामी सहित 4 वारंटियों को पकड़ा।
इंद्रपाल सिंह राठौर उप निरीक्षक, पिपलौदा प्राणघातक हमले के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी व कानून व्यवस्था।
रामसिंह खपेड़ उप निरीक्षक, बाजना महिला संबंधी गंभीर अपराधों समेत 5 प्रकरणों का त्वरित निराकरण।
अन्य प्रमुख सम्मान
चोरी की बाइक बरामदगी: आरक्षक राकेश निनामा और रितेश यादव (स्टेशन रोड) को 04 मोटरसाइकिलें बरामद करने पर।
तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्य: आरक्षक राघवेंद्र जाट (नामली) को समयसीमा में रिपोर्टिंग और आर. गजपाल सिंह (सरवन) को मोबाइल खोजने (CEIR पोर्टल) के लिए।
जन सेवा: आर. रमेश सोलंकी (शिवगढ़) को CM हेल्पलाइन के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के लिए सम्मानित किया गया।
फील्ड ऑपरेशन्स: आरक्षक अभय चौहान, विजयपाल सिंह, हिम्मत सिंह (पिपलौदा/सरवन) को आरोपियों की धरपकड़ और विजय झोड़िया को यातायात प्रबंधन के लिए प्रशंसा पत्र मिला।
सकारात्मक बदलाव की उम्मीद
रतलाम पुलिस द्वारा शुरू की गई यह साप्ताहिक समीक्षा और सम्मान परंपरा आगामी समय में जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस-जनता के बीच समन्वय को और मजबूत करेगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा ताकि हर कर्मठ पुलिसकर्मी को उसकी मेहनत का फल मिल सके।