रतलाम / सायबर सेल की सफलता: 20 लाख कीमत के 100 गुम मोबाइल ट्रेस कर मालिकों को लौटाए

Saroj kanwar
2 Min Read

रतलाम, 25 मार्च (इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस ने नागरिकों की संपत्ति सुरक्षा और आर्थिक नुकसान को कम करने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सायबर सेल टीम ने 100 गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर लगभग ₹20 लाख मूल्य के मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपे।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान CEIR पोर्टल की तकनीकी मदद से गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस किए गए।

बरामद मोबाइल फोन रतलाम, इंदौर, धार, मंदसौर, नीमच, उज्जैन और झाबुआ सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त हुए। जांच में पता चला कि अधिकांश मोबाइल रास्ते में गिरने के बाद अलग-अलग व्यक्तियों के हाथ लग गए थे, जिन्होंने अनजाने में उनका उपयोग करना शुरू कर दिया था। पुलिस ने ऐसे लोगों को भविष्य में किसी गुम मोबाइल मिलने पर नज़दीकी थाने में जमा कराने की सलाह दी।

बरामद मोबाइलों में प्रमुख ब्रांड सैमसंग, वीवो, रियलमी, रेडमी, ओप्पो, एप्पल और अन्य शामिल हैं। सायबर सेल ने मोबाइल धारकों को मोबाइल सुरक्षा और सायबर फ्रॉड से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।

इस अभियान में निरीक्षक अमित कोरी, उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह, आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसौदिया, मोर सिंह, जितेंद्र चौधरी और वीरेंद्र डाबी की भूमिका सराहनीय रही।

रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को गुम मोबाइल फोन मिले तो उसे अपने पास रखने की बजाय नजदीकी पुलिस थाने में जमा कराएं। ऐसा करने वालों को उचित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे ताकि नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और सायबर अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *