भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। भारत ने यह मैच 30 रनों से जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि वरुण चक्रवर्ती को प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब मिला।
हार्दिक ने आखिरी मैच में 63 रनों की तेज पारी खेली। लेकिन उनके पहले ही ओवर में एक छक्का सीधे कैमरामैन के कंधे पर जा लगा, जिसका हालचाल हार्दिक पांड्या ने खुद जाकर लिया।
हार्दिक पांड्या के इस नेक काम ने सबका दिल जीत लिया।
मैच के बाद हार्दिक पांड्या का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर sportstalkcricket नाम के पेज पर शेयर किया गया है। इस वीडियो में हार्दिक पांड्या उसी कैमरामैन के पास पहुंचते नजर आ रहे हैं, जिनके कंधे पर छक्का लगने से चोट आई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि हार्दिक जाकर कैमरामैन की चोट की जांच करते हैं, उन्हें प्यार से गले लगाते हैं और उनके कंधे पर गर्म सिकाई भी करते हैं।
हार्दिक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है और प्रशंसक भी हार्दिक पांड्या को सोने का दिल बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, हार्दिक भाई, आपने मेरा दिल जीत लिया।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच में, सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या 13वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए और कॉर्बिन बॉश की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपना खाता खोला। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर की ओर आगे बढ़कर छक्का लगाया, लेकिन गेंद डगआउट के पास खड़े एक कैमरामैन के कंधे पर लगी, जिससे वहां मौजूद सभी लोग चौंक गए।
कोच गौतम गंभीर भी यह देखकर दंग रह गए। बाद में फिजियो ने जाकर उनकी जांच की और स्प्रे लगाया। भारत की पारी समाप्त होने के बाद हार्दिक को कैमरामैन को आइस पैक लगाते हुए भी देखा गया।