हरियाणा सरकार महिलाओं को परिवहन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने को नारी ई-रिक्शा स्वावलंबन योजना ( Women’s E-Rickshaw Self-Reliance Scheme) शुरू करेगी। इसमें हरियाणा की मूलनिवासी 18 से 45 वर्ष की महिलाओं को निशुल्क ई-रिक्शा ड्राइविंग प्रशिक्षण, लाइसेंस, स्टाइपेंड, यात्रा भत्ता और वाहन पर 30 से 50% सब्सिडी मिलेगी। जल्द हरियाणा महिला विकास निगम ‘एचडबल्यूडीसी’ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। रेवाड़ी महिला विकास निगम प्रबंधक राजकुमार ने बताया कि योजना का कुल बजट लगभग 692 लाख रुपए रखा गया है। सभी 22 जिलों में प्रथम चरण में 1000 महिलाओं को लाभ मिलेगा। इसमें 400 बीपीएल, 100 विधवा या तलाकशुदा तथा 500 अन्य श्रेणी की महिलाएं शामिल हैं। चयनित महिलाओं को ई-रिक्शा संचालन का प्रशिक्षण 10 दिनों तक जिला स्तर पर दिया जाएगा। उन्हें आत्मरक्षा, संचार कौशल, ड्राइविंग शिष्टाचार व सड़क व्यवहार भी सिखाया जाएगा। चयन
पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा व जिला प्रबंधक अंतिम सूची तय करेंगे। पात्रता 8वीं पास, अच्छी दृष्टि, हरियाणा निवासी होना जरूरी है। बीपीएल की आय सीमा 1.80 लाख, अन्य की 3 लाख तक है। जबकि विधवा या तलाकशुदा के लिए कोई सीमा नहीं है। एक परिवार से एक सदस्य सब्सिडी ले सकेगा।