रतलाम / नकली पुलिस बनकर वृद्ध से सोने के आभूषण लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने किया खुलासा, ईरानी गैंग के दो आरोपी फरार 

Saroj kanwar
4 Min Read

रतलाम,24 अक्टुम्बर (इ खबर टुडे)। सैलाना थाना क्षैत्र अंतर्गत दो दिन पूर्व नकली पुलिस बनकर वृद्ध से सोने के आभूषण लूटने के मामले में   पुलिस ने आज खुलासा किया है। ईरानी गैंग के दो आरोपी पुलिस को देख कागज़ की पुड़िया में आभूषण फेक कर फरार हो गए। पुलिस ने  गाडी के नंबर के आधार पर टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु भोपाल भेजा है। 

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में पुरे मामले की विस्तार से जानकारी दी। एसपी अमित कुमार ने बताया कि  दो दिन पूर्व बुधवार को फरियादी सुशील शर्मा ने सैलाना थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे सुबह 9:00 बजे शंकर मंदिर, गोविंद कुंड (मोहल्ला जुनावास) दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद जब वे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी रुद्र पेट्रोल पंप के पहले दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर अपने आपको पुलिसकर्मी बताते हुए आईडी कार्ड दिखाया। 

chor

उक्त व्यक्तियों ने चेकिंग के बहाने फरियादी के गले की सोने की चैन व हाथ की अंगूठी उतरवाई और “सुरक्षा हेतु जांच” कहकर उन्हें कागज की पुड़िया में रख लिया। बाद में उन्होंने दूसरी पुड़िया फरियादी को देकर चले गए। फरियादी ने जब पुड़िया खोली तो उसमें नकली चैन व अंगूठी निकली। बदमाश उनकी लगभग 3 तोला सोने की चैन व अंगूठी (कीमत लगभग 3,60,000) लेकर फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध 492/25 धारा 318 भारतीय न्याय संहिता 2023 (BNS) का प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने  तत्काल विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा एवं एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना सैलाना की टीम ने सघन जांच प्रारंभ की । थाना प्रभारी श्रीमती पिंकी अजनार एवं निरीक्षक सुरेंद्र गडरिया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पेट्रोल पंपों के कैमरों में दो संदिग्ध व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर जाते देखा गया। टीम ने उनका पीछा करते हुए जावरा से हुसैन टेकरी मार्ग तक ट्रेस किया। संदेहियों के जावरा क्षेत्र में सक्रिय होने की जानकारी पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया। संदिग्धों ने पुलिस को देखकर MP-04-YD-2092 नंबर की मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास किया।
 
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने एक कागज की पुड़िया फेंकते हुए कहा — “हम तुम्हारा सामान लौटा रहे हैं, पीछा मत करो।” पुलिस द्वारा पुड़िया उठाकर जांच की गई जिसमें एक सोने की चैन और अंगूठी बरामद हुई। थाना लाकर फरियादी को बुलाया गया, जिन्होंने अपने सोने के आभूषणों की सुनिश्चित पहचान की। पंचनामा बनाकर आभूषणों को जब्त किया गया।

घटना में प्रयुक्त वाहन : मोटरसाइकिल क्रमांक MP-04-YD-2092, जिसका मालिक सईद पिता रईस खान निवासी कोहेफीजा, नशेमन गार्डन, भोपाल पाया गया। वाहन मालिक एवं संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम भोपाल रवाना की गई है।

आरोपी : ईरानी गैंग के 02 अज्ञात आरोपी (फरार)

जप्त मशरुका : एक सोने की चैन एवं अंगूठी कुल वजन : लगभग 3 तोला, अनुमानित मूल्य : ₹3,60,000/-

लूट का माल बरामद करने में निरीक्षक श्रीमती पिंकी अजनार थाना प्रभारी सैलाना, निरीक्षक सुरेंद्र सिंह गडरिया, उनि आनंद बागवान, उनि वीरसिंह देवड़ा, प्रआर 918 नरेंद्र सिंह झाला, आर फकीरचंद, आर दिनेश पाटीदार, आर रंजीत सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *