फोर्ब्स ने जारी की सूची…सावित्री जिंदल देश की सबसे धनी महिला

Saroj kanwar
3 Min Read

फोर्ब्स इंडिया की रिच लिस्ट-2025 में हिसार की निर्दलीय विधायक जिंदल समूह की प्रमुख सावित्री जिंदल देश की सबसे अमीर महिला घोषित की गई हैं। सावित्री जिंदल के पास 39.6 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति का आकलन किया गया है। 1965 में ओपी जिंदल से शादी के बाद से 2005 तक गृहिणी बनकर परिवार को संभाला। 2005 में पति ओपी जिंदल की मौत के बाद उन्होंने राजनीति व कारोबार को संभाला। कांग्रेस की सरकार में दो बार मंत्री रह चुकी सावित्री जिंदल अब हिसार से विधायक हैं।

सावित्री जिंदल को एक बार फिर से देश की सबसे धनी महिला होने का गौरव हासिल हुआ है। 6 महीने में सावित्री जिंदल की संपत्ति 4.1 बिलियन डॉलर बढ़ गई है। पिछले साल उनकी नेटवर्थ करीब 97 लाख करोड़ रुपये थी।

जिंदल समूह की अध्यक्ष का कारोबार इस्पात, बिजली, सीमेंट और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में है। उनके बेटे सज्जन जिंदल मुंबई स्थित जेएसडब्ल्यू स्टील, जेएसडब्ल्यू सीमेंट और जेएसडब्ल्यू पेंट्स का नेतृत्व करते हैं। 2023 में जेएसडब्ल्यू इन्फ्रास्ट्रक्चर को सार्वजनिक किया। 2024 में उन्होंने चीन की एसएआईसी मोटर की सहायक कंपनी एमजी मोटर इंडिया में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करके इलेक्ट्रिक वाहनों में विस्तार किया। नवीन जिंदल दिल्ली में स्टील एंड पावर का प्रबंधन करते हैं।

हिसार के गांव नलवा में जन्मे ओपी जिंदल किसान परिवार से थे। 1952 में जिंदल ने कोलकाता के पास लिलुआ में पाइप बैंड और सॉकेट बनाने की फैक्टरी लगाई। उन्होंने इस फैक्टरी का नाम जिंदल इंडिया लिमिटेड रखा। यहीं से उनके सफर की शुरुआत हुई।

2005 तक गृहिणी… फिर कारोबार व राजनीति को संभाला

सावित्री जिंदल का जन्म असम के तिनसुकिया में 20 मार्च 1950 को हुआ था। ओपी जिंदल से शादी के बाद से वह हिसार में गृहिणी बन कर परिवार को संभालती रहीं। 2005 में ओपी जिंदल की मौत के बाद राजनीति में उतरीं। कांग्रेस की टिकट पर 2005 में हिसार से उपचुनाव लड़ा। 2024 विधानसभा चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लड़ा था। बेटे उद्योगपति नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा के सांसद हैं। नवीन कुरुक्षेत्र से कांग्रेस सांसद भी रह चुके हैं।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *