डीए, बोनस बढ़ोतरी: पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों को बोनस और अब 3 प्रतिशत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता (डीए) देने के फैसले के बाद, राज्य सरकार भी अपने कर्मचारियों को बोनस और बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता (डीए) देने की तैयारी में है। दिवाली से पहले बोनस और बढ़े हुए महंगाई भत्ते (डीए) की घोषणा होने की उम्मीद है। पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (डीआर) दर में भी बढ़ोतरी होगी।
गौरतलब है कि राज्य में बोनस पाने वाले अराजपत्रित, कार्यभारित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की संख्या लगभग 14.82 लाख है। सरकार दिवाली से पहले इन सभी को बोनस देगी। अधिकतम बोनस राशि लगभग सात हजार रुपये होने का अनुमान है। इस बोनस से सरकारी खजाने पर लगभग 1,022 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा।
वहीं, सातवें वेतनमान के अंतर्गत आने वाले लगभग 16 लाख राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की दर, जो वर्तमान में 55 प्रतिशत है, तीन प्रतिशत बढ़ाकर 58 प्रतिशत की जानी है। सरकार जल्द ही उन्हें महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ देगी।
पांचवें और छठे वेतनमान के राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की दर में वृद्धि की घोषणा उसके बाद हर वर्ष की तरह की जाएगी। महंगाई राहत की दर में वृद्धि का लाभ लगभग 12 लाख पेंशनभोगियों को मिलेगा। राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को डीए और डीआर वृद्धि का लाभ जुलाई से मिलेगा।