Gold Rate Hike: सोना 1.06 लाख पर पहुंचा, 10 दिन में 5.28% रिटर्न

Saroj kanwar
3 Min Read

Gold Price Update: सोने के भाव में लगातार तेजी जारी है। शनिवार को एक ही दिन में सोना 1800 रुपए प्रति दस ग्राम महंगा हुआ। इसके साथ ही सोना 1 लाख 6 हजार रुपए प्रति दस ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। जेवराती सोना 97,096 रुपए प्रति दस ग्राम बिका। दस दिन पहले 20 अगस्त को सोना 1 लाख 400 रुपए प्रति दस ग्राम था। उस दिन जेवराती सोना 92,150 रुपए प्रति दस ग्राम बिका था। दस दिन में सोने ने 5.28 फीसदी का रिटर्न दिया है।

इस साल की शुरुआत में एक जनवरी को सोना 78,500 रुपए प्रति दस ग्राम था। अब तक इसमें 27,500 रुपए प्रति दस ग्राम की तेजी आ चुकी है। यानी आठ महीने में सोने ने करीब 26 फीसदी का रिटर्न दिया है। सराफा व्यापारियों का कहना है कि आगे भी सोने के भाव में तेजी बनी रहेगी। सोने के महंगा होने की वजहें भी साफ हैं। फेड द्वारा ब्याज दर में कटौती की तैयारी चल रही है। डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है। साथ ही जियो पॉलिटिकल उठापटक के बीच सोने को सुरक्षित निवेश माना जा रहा है।

प्रॉपर्टी और शेयर बाजार से ज्यादा रिटर्न

सोने ने प्रॉपर्टी और शेयर बाजार से ज्यादा रिटर्न दिया है। एक जनवरी को सेंसेक्स 78,507 अंकों पर था। अब यह 80,233 अंकों पर है। निफ्टी 23,742 से बढ़कर 24,426 अंकों पर पहुंचा है। यानी सेंसेक्स ने 2.15 फीसदी और निफ्टी ने 2.8 फीसदी रिटर्न दिया है। वहीं सोने ने दस दिन में ही 5.28 फीसदी रिटर्न दे दिया। प्रॉपर्टी में भी रिटर्न कम रहा है। जनवरी से अब तक शहर की ज्यादातर कॉलोनियों में प्रॉपर्टी के दाम स्थिर हैं। इसलिए इसमें निवेशकों को ज्यादा फायदा नहीं हुआ।

इधर चांदी भी हुई महंगी

शनिवार को चांदी के भाव भी बढ़े। एक दिन में चांदी 2450 रुपए महंगी हुई। शुक्रवार को चांदी 1 लाख 19 हजार 600 रुपए प्रतिकिलो थी। शनिवार को यह 1 लाख 22 हजार 50 रुपए प्रतिकिलो पर पहुंच गई।

आगे और भी बढ़ेगी सोने की कीमत

सराफा व्यापारी विशाल डांगी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय उठापटक के चलते भाव में तेजी जारी रहेगी। दीपावली तक सोना एक लाख दस हजार रुपए प्रति दस ग्राम बिक सकता है। वहीं चांदी 1 लाख 30 हजार रुपए प्रतिकिलो तक बिक सकती है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *