Ratlam News: 10 साल बाद मां-बेटे का मिलन, एक-दूसरे को देखकर आंखों से बहने लगे आंसू

Saroj kanwar
2 Min Read

Ratlam News: 15 माह पहले एक वृद्ध को धोलावाड़ रोड स्थित अपना घर आश्रम में भर्ती करवाया गया था। सचिव गवली की सूचना पर भर्ती करवाए गए प्रभुजी ने अपना नाम रामशंकर उर्फ प्रहलाद त्रिपाठी बताया। पता पूछने पर कुछ नहीं बताया। लगातार इलाज और सेवा से उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के साथ ही अच्छी तरह बात करने लगे। पता बताने पर वहां संपर्क किया। जानकारी मिलते उनकी मां आस पड़ोसियों के साथ आई और बेटे को देखकर रो पड़ी। सालों बाद मां-बेटे का मिलन हुआ तो दोनों की आंखों से आंसू निकल गए।

23 जून 2024 को राम शंकर उर्फ प्रहलाद त्रिपाठी प्रभु जी को अपना घर आश्रम में भर्ती किया गया था। आश्रम में लगातार ईश्वरीय सेवा व मेडिकल कॉलेज के डॉ. कपिल देव आर्य की चिकित्सा सेवा से स्थिति में लगातार सुधार होने लगा। गुरुवार की रात 9 बजे आश्रम प्रभारी प्रदीप वर्मा ने प्रभु जी से उनके परिवार व घर के बारे में जानकारी जुटाकर झाबुआ जिले के राजेंद्र श्रीवास्तव से बात की। 

पड़ोसी ने दी बेटे की सूचना 

शुक्रवार की सुबह 10 बजे प्रभु जी के पड़ोसी ओमप्रकाश दुबे ने प्रभु जी श्री राम शंकर उर्फ प्रहलाद के घर सूचना दी। अपने बेटे की जानकारी मिलते ही मां देवकला त्रिपाठी से रहा नहीं गया और तुरंत ही निजी गाड़ी लेकर आश्रम के लिए रवाना हो गई। प्रभु जी व उनकी माता का 10 साल बाद मिलन हुआ है। देवकला त्रिपाठी ने बताया कि परिवार में इकलौते बेटे के अलावा कोई नहीं है। अपना घर आश्रम परिवार के राजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सभी कार्यालय कागजी कार्रवाई के बाद प्रभु जी को उनके निज निवास स्थान गांव व पोस्ट खवासा जिला झाबुआ के लिए रवाना किया गया।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *