Haryana Wheather Update: हरियाणा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए नई चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में येलो अलर्ट लगाया गया है।
विभाग का कहना है कि 26 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश भी देखने को मिलेगी। 27 अगस्त से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है और 29 अगस्त तक केवल छिटपुट बारिश होने के आसार हैं।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो हरियाणा में इस बार सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। 23 अगस्त तक जहां औसतन 317.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अब तक 348.7 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो सामान्य से लगभग 10 प्रतिशत ज्यादा है।
कुल मिलाकर आने वाले दो-तीन दिन राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के लिहाज से अहम रहने वाले हैं। लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करने की सलाह दी गई है।