Ratlam News: रतलाम जिले में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का नाम फाइनल करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला कांग्रेस की कमान किसके हाथ में जाएगी, इसका फैसला 12 अगस्त को दिल्ली में हो जाएगा। मध्यप्रदेश में चले संगठन सृजन अभियान को लेकर मंगलवार की शाम 4.30 बजे कांग्रेस मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इसमें राहुल गांधी, कांग्रेस कमेटी संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल और मप्र कांग्रेस कमेटी प्रभारी हरीश चौधरी शामिल होंगे। मीटिंग में जिला शहर और ग्रामीण अध्यक्ष के पैनल पर चर्चा होकर एक नाम फाइनल किया जाएगा। इसके बाद संभवतः अगले सप्ताह तक घोषणा भी हो जाएगी। बैठक फाइनल होने के बाद से जिला कांग्रेस में खासी हलचल मची हुई है। खासकर दावेदारों की निगाहें बैठक की तरफ लगी हुई है। बता दें कि जून में कांग्रेस का संगठन सर्जन कार्यक्रम चला था, जिसमें ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक राहुल कास्वा ने 2 बार जिलेभर के नेताओं से रायशुमारी की थी। इसके बाद जून अंत में अध्यक्ष के दावेदारों की पैनल और रायशुमारी की रिपोर्ट बनाकर राजधानी मुख्यालय भेजी थी। वहां भी उसका परीक्षण हो चुका है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को राहुल गांधी नाम फाइनल कर देंगे।