Haryana Bus Tracking System: हरियाणा सरकार ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए एक बड़ा और तकनीकी निर्णय लिया है. अब प्रदेश के सभी सार्वजनिक परिवहन वाहनों में वाहन स्थान ट्रैकिंग डिवाइस (VLT – Vehicle Location Tracking Device) लगाया जाएगा. यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई परिवहन विभाग की बैठक में लिया गया.
सभी सार्वजनिक वाहनों में लगेगा सुरक्षा उपकरण
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के हर बस व सार्वजनिक वाहन में ट्रैकिंग डिवाइस अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा. इसका मकसद है कि बसों की रियल टाइम लोकेशन ट्रैक हो सके और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान की जा सके.
112 आपात सेवा से होगी सीधी कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह ट्रैकिंग प्रणाली 112 आपातकालीन सेवा से जोड़ी जाए, जिससे किसी भी प्रकार की घटना या खतरे की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके. इससे महिलाओं को यात्रा के दौरान सुरक्षा का भरोसा मिलेगा.
निर्भया फ्रेमवर्क के तहत विकसित की गई प्रणाली
बैठक में बताया गया कि यह VLT प्रणाली भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा निर्भया फ्रेमवर्क के अंतर्गत विकसित की गई है. इसका उद्देश्य है कि सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाए.
क्या है VLT प्रणाली की खासियत?
वाहन की सीधी लोकेशन ट्रैकिंग
आपातकालीन अलर्ट की सुविधा
वास्तविक समय में डेटा प्राप्त करना
फिटनेस और निगरानी में आसानी
यह तकनीक विशेष रूप से महिलाओं के लिए सुरक्षित यात्रा प्रणाली सुनिश्चित करने में मदद करेगी.
प्रोजेक्ट के लिए तय होंगी टाइमलाइन और लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस योजना को तेजी से लागू किया जाए और इसके लिए जिला-वार और विभाग-वार लक्ष्य निर्धारित किए जाएं. इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
सड़क हादसों की होगी वैज्ञानिक जांच
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक अध्ययन कराया जाए, ताकि उन कमियों को दूर किया जा सके जो बार-बार हादसों की वजह बन रही हैं.
राजस्व घाटा कम करने के लिए व्यावसायिक विकल्पों की तलाश
बैठक में राजस्व घाटे से निपटने के लिए भी चर्चा की गई. मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि बसों पर विज्ञापन, पार्सल ट्रांसपोर्ट, PPP मोड पर बस स्टैंड निर्माण और टूरिस्ट बसों की ऑनलाइन बुकिंग जैसी वाणिज्यिक संभावनाओं को तलाशा जाए.
इलैक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर
हरियाणा सरकार अब इलैक्ट्रिक बसों की संख्या में भी बढ़ोतरी करेगी. इससे जहां ईंधन की बचत होगी, वहीं पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा. मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को इस दिशा में ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं.