मखाना (Fox Nuts) को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद सुपरफूड माना जाता है। इसमें कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। भारत में ज्यादातर लोग मखाने को घी में भूनकर खाना पसंद करते हैं। कोई इसमें हल्का नमक डालता है तो कोई चटपटे मसालों के साथ इसका स्वाद बढ़ाता है। स्वादिष्ट होने के साथ-साथ यह पोषण से भरपूर स्नैक भी माना जाता है।
हालांकि, गर्मियों के मौसम में मखाने को ज्यादा मात्रा में घी और मसालों के साथ खाना हर किसी के लिए सही नहीं होता। दरअसल, ज्यादा घी और तीखे मसाले शरीर में गर्मी बढ़ा सकते हैं और कुछ लोगों को पाचन से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। गर्मी और मानसून के दौरान आमतौर पर ऐसी चीजें खाने की सलाह दी जाती है, जो हल्की हों और आसानी से पच जाएं।
अगर आप भी गर्मी में एक-दो कटोरी भुने हुए मखाने खा लेते हैं, तो आपको इन्हें खाने का सही तरीका जरूर जानना चाहिए। आइए जानते हैं गर्मियों में मखाने को किस तरह खाया जाए ताकि इसका पूरा फायदा मिल सके।
गर्मियों में कैसा होना चाहिए खानपान?
गर्मी और लू वाले मौसम में शरीर के अंदर गर्मी बढ़ने की संभावना ज्यादा रहती है। ऐसे में डाइट में उन चीजों को शामिल करना चाहिए, जो शरीर को ठंडक देने के साथ हाइड्रेशन बनाए रखने में मदद करें।
गर्मियों में बेल का शरबत, सत्तू, खीरा, तरबूज और पानी से भरपूर फलों का सेवन फायदेमंद माना जाता है। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है। ऐसी चीजें खाना बेहतर होता है, जिनमें फाइबर, मिनरल्स और पानी की मात्रा अच्छी हो।
गर्मी में मखाना खाने के बेहतरीन तरीके
1. मखाने की चाट बनाकर खाएं
होलिस्टिक डाइटीशियन और इंटीग्रेटिव थेरेप्यूटिक न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. गीतिका चोपड़ा के अनुसार, मखाना फाइबर, पोटेशियम और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। हालांकि, इसे सिर्फ भूनकर ज्यादा मात्रा में खाने से बचना चाहिए।
विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्मियों में मखाने को चाट के रूप में खाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए भुने हुए मखाने में खीरा, टमाटर, प्याज और हल्के मसाले मिलाए जा सकते हैं। इससे मखाने की हैवीनेस कम हो जाती है और शरीर को अतिरिक्त पोषण भी मिलता है।
सब्जियों के साथ मखाने का सेवन करने से यह ज्यादा बैलेंस्ड स्नैक बन जाता है और स्वाद भी बढ़ जाता है।
2. मखाने का रायता खाएं
गर्मियों में दही को शरीर के लिए ठंडक देने वाला खाद्य पदार्थ माना जाता है। ऐसे में मखाने को दही के साथ मिलाकर खाना एक हेल्दी विकल्प हो सकता है।
इसके लिए मखाने को हल्का भूनकर पीस लें या छोटे टुकड़ों में तोड़ लें और इसे फेंटे हुए दही में मिला दें। स्वाद और ठंडक बढ़ाने के लिए इसमें पुदीना भी डाला जा सकता है।
दही में मौजूद कैल्शियम और मखाने के पोषक तत्व मिलकर शरीर के लिए एक अच्छा कॉम्बिनेशन तैयार करते हैं। यह मांसपेशियों और हड्डियों की मजबूती के लिए भी फायदेमंद हो सकता है।
3. मखाने की स्मूदी या ड्रिंक बनाएं
गर्मियों में मखाने को एक हेल्दी ड्रिंक के रूप में भी शामिल किया जा सकता है। इसके लिए मखाने का पाउडर बनाकर उसे छाछ में मिलाएं और कुछ समय के लिए ठंडा होने दें।
ध्यान रखें कि इसे कमरे के तापमान पर लंबे समय तक न रखें, बल्कि फ्रिज में स्टोर करें। लंच के साथ इस ड्रिंक का सेवन किया जा सकता है। यह शरीर को ठंडक देने के साथ पेट को हल्का महसूस कराने में मदद कर सकती है।
ध्यान रखें ये बातें
मखाना भले ही पौष्टिक खाद्य पदार्थ है, लेकिन किसी भी चीज का ज्यादा सेवन नुकसान पहुंचा सकता है। गर्मियों में इसे सीमित मात्रा में खाएं और कोशिश करें कि इसे ज्यादा घी, तेल या मसालों के साथ न लें। सही तरीके से खाया गया मखाना स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है।