आजकल तेजी से वजन कम करने की चाह में लोग तरह-तरह की फैंसी डाइट और क्रैश डाइट का सहारा लेते हैं। हालांकि, ऐसी डाइट के अपने कई साइड इफेक्ट हो सकते हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस के पति और डॉक्टर श्रीराम नेने भी वजन घटाने को लेकर लोगों को जल्दबाजी से बचने की सलाह देते हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया के जरिए हेल्थ और फिटनेस से जुड़ी उपयोगी जानकारी शेयर करते रहते हैं।
डॉ. नेने के मुताबिक, वजन कम करने का मतलब यह नहीं है कि आप खाना छोड़ दें या खुद को भूखा रखें। इसके बजाय ऐसी लाइफस्टाइल अपनानी चाहिए, जिसे लंबे समय तक आसानी से फॉलो किया जा सके और जिसका शरीर पर नकारात्मक असर न पड़े।
वजन घटाने के लिए जल्दबाजी न करें
डॉ. नेने के अनुसार, आजकल कई लोग बहुत कम समय में ज्यादा वजन घटाने का लक्ष्य बना लेते हैं। उदाहरण के लिए, कुछ लोग 30 दिनों में 10 किलो या कुछ महीनों में 20 किलो वजन कम करने की कोशिश करते हैं। इस तरह के शॉर्ट-टर्म गोल्स शरीर के लिए सही नहीं हो सकते।
वजन घटाने की प्रक्रिया धीरे-धीरे और टिकाऊ तरीके से आगे बढ़नी चाहिए। किसी ऐसी क्रैश डाइट पर निर्भर रहने के बजाय लंबे समय तक चलने वाली हेल्दी आदतें विकसित करना ज्यादा बेहतर है। डॉ. नेने ने वजन कम करने के लिए कैलोरी पर नजर रखने को भी अहम बताया है।
डाइट से कार्ब्स पूरी तरह हटाना सही नहीं
वजन घटाने के चक्कर में कार्बोहाइड्रेट को पूरी तरह डाइट से बाहर करना जरूरी नहीं है। ऐसा करने से शरीर को पर्याप्त ऊर्जा न मिलने पर कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। इसके बजाय बेहतर विकल्पों वाले कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट को डाइट में शामिल किया जा सकता है।
डाइट में होल ग्रेन, नट्स और पर्याप्त प्रोटीन जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को जगह देना फायदेमंद हो सकता है। अगर आप सफर पर हैं या भोजन के बीच हल्की भूख लगती है, तो मूंगफली जैसे हेल्दी स्नैक्स साथ रख सकते हैं।
जंक और अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड का सेवन कम करना बेहतर है। हालांकि, कभी-कभार अपनी पसंद का खाना खाने में कोई समस्या नहीं है। जरूरत इस बात की है कि कुल डाइट और कैलोरी का संतुलन बना रहे।
एक्सरसाइज के साथ रिकवरी भी जरूरी
वजन कम करने के लिए डाइट के साथ शारीरिक गतिविधि को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सकता है। जिम, स्विमिंग, रनिंग और साइकिलिंग जैसी एक्टिविटीज कैलोरी बर्न करने और फिटनेस बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।
लेकिन एक्सरसाइज करते समय शरीर की क्षमता का भी ध्यान रखना जरूरी है। जरूरत से ज्यादा ट्रेनिंग करने के बजाय पर्याप्त आराम और रिकवरी को भी महत्व देना चाहिए। लंबे समय तक वजन मैनेज करने के लिए संतुलित खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि और टिकाऊ लाइफस्टाइल पर ध्यान देना ज्यादा महत्वपूर्ण है।