इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का एक रोमांचक मुकाबला मंगलवार (19 मई) को जयपुर में लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स (LSG vs RR) के बीच खेला गया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी की तेज़तर्रार अर्धशतकीय पारी की मदद से 5 गेंद शेष रहते 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
मैच के दौरान वैभव की फिफ्टी के बाद किया गया सेलिब्रेशन चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने अपनी उंगलियों से ‘A’ का निशान बनाकर जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस अनोखे इशारे को देखकर फैंस के बीच इसकी वजह जानने की उत्सुकता बढ़ गई।
मैच खत्म होने के बाद उन्होंने टीम मैनेजर रोमी भिंडर के साथ बातचीत में इस सेलिब्रेशन का राज खोला। वैभव ने बताया कि ‘A’ बनाकर उन्होंने यह इशारा अपनी मां को समर्पित किया था, जिनका नाम ‘A’ अक्षर से शुरू होता है।
खास बात यह रही कि वैभव नहीं चाहते थे कि उनके इस सेलिब्रेशन की असली वजह ज्यादा लोगों तक पहुंचे। उनकी मां का नाम आरती सूर्यवंशी है, जबकि उनके पिता संजीव सूर्यवंशी हैं। अपने शुरुआती क्रिकेट करियर में भी उन्हें पिता का पूरा मार्गदर्शन मिला था।