लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज के दौर में शराब पीना कई लोगों के लिए स्टेटस और सोशल लाइफ का हिस्सा बन चुका है। हालांकि, इसके शरीर पर पड़ने वाले खतरनाक असर को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। ज्यादातर लोग यह जानते हैं कि शराब लिवर को नुकसान पहुंचाती है, लेकिन हाल में सामने आई एक रिसर्च ने इसके और भी गंभीर परिणामों का खुलासा किया है।
स्टडी के मुताबिक, शराब का सेवन शरीर में करीब 62 तरह की बीमारियों और डिसऑर्डर्स का खतरा बढ़ा सकता है। इनमें कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां भी शामिल हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि शराब धीरे-धीरे शरीर के कई अहम अंगों और सिस्टम को प्रभावित करती है, जिससे लंबे समय में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
कई गंभीर बीमारियों का बढ़ता है खतरा
रिसर्च में पाया गया कि शराब से जुड़ी बीमारियों में इन्फेक्शियस डिजीज, दिल से जुड़ी समस्याएं, पाचन तंत्र की गड़बड़ियां और कई प्रकार के कैंसर शामिल हैं। इसके अलावा, शराब शरीर के एंडोक्राइन सिस्टम, मेटाबॉलिज्म और मानसिक स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, शराब का लगातार सेवन इम्यून सिस्टम को कमजोर कर देता है। इससे शरीर की संक्रमणों से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है और व्यक्ति आसानी से बीमारियों की चपेट में आ सकता है। यही वजह है कि शराब पीने वालों में कई क्रॉनिक बीमारियों का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में ज्यादा देखा जाता है।
कैंसर और हार्ट डिजीज का भी बढ़ता है रिस्क
शोधकर्ताओं ने यह भी बताया कि दुनिया भर में लगभग 30 अन्य गंभीर बीमारियों में शराब एक बड़ा रिस्क फैक्टर है। इनमें ब्रेस्ट कैंसर, हार्ट डिजीज, स्ट्रोक, डायबिटीज और डिमेंशिया जैसी मानसिक समस्याएं शामिल हैं।
स्टडी के सह-लेखक जुर्गन रेहम के मुताबिक, इन 62 बीमारियों के पीछे शराब एक प्रमुख कारण के रूप में सामने आई है। उनका कहना है कि लंबे समय तक शराब का सेवन शरीर को अंदर से कमजोर कर देता है और कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की नींव रखता है।
समय रहते छोड़ दें शराब, तो मिल सकता है फायदा
हालांकि, इस रिसर्च में एक राहत भरी बात भी सामने आई है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर व्यक्ति समय रहते शराब पीना बंद कर दे, तो शरीर धीरे-धीरे खुद को रिकवर करना शुरू कर देता है।
शराब का इम्यून सिस्टम पर पड़ने वाला असर हमेशा के लिए नहीं रहता। यह इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति कितनी मात्रा में शराब का सेवन करता था। कई मामलों में कुछ दिनों से लेकर एक हफ्ते के भीतर शरीर सामान्य स्थिति में लौटने लगता है।
डॉक्टर्स का मानना है कि शराब से दूरी बनाकर न सिर्फ बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है, बल्कि शरीर को दोबारा स्वस्थ बनाने में भी मदद मिलती है।