Ratlam Railway Mandal: रेलवे ने मंडल की रतलाम समेत सभी 9 टीटीई लॉबी में एक साथ बायोमेट्रिक प्रणाली लागू कर दी है। ऐसा करने वाला रतलाम भारतीय रेलवे का पहला मंडल बन गया है। इनमें रतलाम के साथ उज्जैन, इंदौर, डॉ. आंबेडकर नगर, चित्तौड़गढ़, देवास, नीमच, नागदा और दाहोद की टीटीई (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) लॉबी शामिल है। इससे अब टीटीई के ऑन व ऑफ ड्यूटी होने की बायोमेट्रिक सिस्टम के जरिए होगी। अभी तक यह काम मैन्युअल होता था, जिसमें गड़बड़ियां होने से विवाद होते थे। बायोमैट्रिक प्रणाली लागू होने से यह बंद हो जाएगा।
बायोमेट्रिक सिस्टम शुरू होने से आएगी पारदर्शिता
रतलाम रेलवे मंडल में रेलवे विभाग द्वारा बायोमेट्रिक सिस्टम शुरू कर दिया गया है। मंडल में बायोमेट्रिक सिस्टम शुरू करने से ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर लॉबी में पहले से पारदर्शिता आएगी। बता दें कि टिकट एग्जामिनर लॉबी में पहले मैन्युअल सिस्टम था। जिसके चलते रेलवे विभाग को कई बार गड़बड़ियों की शिकायत मिल रही थी। उसके बाद यह फैसला लिया गया है। इस बदलाव के पीछे मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हीना वी. केवलरामानी मेहनत रही, जिसके चलते बहुत कम समय में मंडल ने यह उपलब्धि हासिल की।