Prepaid Smart Meter: अलवर शहर में अब बिजली की आपूर्ति को प्रीपेड सिस्टम से जोड़ा जा रहा है, जिसके तहत घर-घर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं. अब तक लगभग 2700 घरों में प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं. यह काम कई चरणों में किया जाएगा और कुल मिलाकर 1.94 लाख उपभोक्ताओं को इस योजना से जोड़ा जाएगा.
किन इलाकों में शुरू हुआ मीटर लगाना?
बिजली की खपत का लाइव ट्रैकिंग
उपभोक्ता रियल टाइम में अपनी बिजली खपत को देख सकेंगे और आवश्यकता अनुसार उसे नियंत्रित कर सकेंगे. इससे बिजली की बचत भी हो सकेगी.
फिलहाल यह योजना ए-5 और ए-3 सब डिवीजन में शुरू की गई है. इन दोनों डिवीजन में स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है. उसके बाद यह कार्य अन्य डिवीजन में भी शुरू किया जाएगा.
क्या है स्मार्ट प्रीपेड मीटर का सिस्टम?
इन स्मार्ट प्रीपेड मीटरों में उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार रिचार्ज कर सकेंगे. यह बिल्कुल मोबाइल रिचार्ज की तरह होगा. जैसे ही रिचार्ज खत्म होने के करीब होगा, उपभोक्ता के फोन पर एक अलर्ट मैसेज आएगा. अगर समय पर रिचार्ज नहीं कराया गया, तो बिजली स्वतः कट जाएगी.
उपभोक्ताओं को मिलेंगे ये बड़े फायदे
लाइनमैन का झंझट खत्म
अब लाइनमैन को घर-घर जाकर मीटर रीडिंग लेने की जरूरत नहीं होगी. बिजली निगम के अधिकारी ऑफिस से ही मीटर को मॉनिटर और कंट्रोल कर सकेंगे.
ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा
अब बिजली के बिल जमा करने के लिए बिजली विभाग के दफ्तर जाने की जरूरत नहीं होगी. मोबाइल ऐप या पोर्टल से रिचार्ज संभव होगा.
बिजली चोरी पर लगेगी रोक
स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण रखा जा सकेगा. इससे विभाग को होने वाला आर्थिक नुकसान भी कम होगा.
बिल में पारदर्शिता
इन मीटरों से बिल की गणना स्वचालित तरीके से होगी. जिससे गलत बिलिंग की संभावना बहुत कम हो जाएगी.
लोड मैनेजमेंट अलर्ट
स्मार्ट मीटर में लोड मैनेजमेंट सिस्टम होता है जो उपभोक्ता को अधिक खपत होने पर अलर्ट करता है. इससे अचानक होने वाली ट्रिपिंग या फ्यूज उड़ने की समस्या से भी बचाव होगा.
उपभोक्ताओं की राय और चिंताएं
हालांकि इस योजना की शुरुआत सकारात्मक मानी जा रही है. लेकिन कुछ उपभोक्ताओं ने मीटर बदले जाने पर नाराजगी भी जाहिर की है. कुछ लोगों को नई तकनीक और रिचार्ज सिस्टम को लेकर संदेह है. लेकिन बिजली निगम का दावा है कि इससे भविष्य में बिजली प्रबंधन में काफी सुधार होगा.
बिजली निगम की ओर से क्या कहा गया?
अलवर एक्सईएन महेश देशवाल ने बताया कि “निगम की ओर से हर घर में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे. यह काम कई चरणों में पूरा किया जाएगा. उपभोक्ता अपने घर पर ही इसे आसानी से रिचार्ज कर सकेंगे.” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को तकनीकी सहायता भी दी जाएगी.