MP के 10 जिलों में बांटा 87% क्लेम: मंदसौर, उज्जैन, नीमच और देवास ने अकेले ले ली 54% से अधिक हिस्सेदारी, देखिए पूरी रिपोर्ट

Saroj kanwar
3 Min Read

Fasal Bima Claim: मध्यप्रदेश में किसानों को दो रबी और एक खरीफ सीजन के फसल बीमा क्लेम के रूप में 1165 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इसमें सबसे अधिक 207.13 करोड़ मंदसौर जिले को जारी हुए हैं। उज्जैन को 160.03 करोड़, नीमच को 145.41 करोड़ और देवास को 120.59 करोड़ रुपये मिले हैं। यानी सिर्फ इन चार जिलों को ही 54% से ज्यादा, कुल 633.16 करोड़ की रकम पहुंची है। इसके बाद हरदा में 88.92 करोड़, रतलाम में 86.44 करोड़, सीहोर में 61.30 करोड़, सिवनी में 54.30 करोड़, इंदौर में 42.93 करोड़ और बैतूल में 41.61 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। इस तरह टॉप 10 जिलों के किसानों को ही 87% से अधिक यानी 1008.66 करोड़ रुपये का क्लेम मिला है, जबकि बाकी जिलों को महज 13% राशि पर ही संतोष करना पड़ा है।

रबी में 1%, खरीफ में 6% क्लेम मिला

रबी 2023 और 2024 में बीमित राशि के मुकाबले किसानों को सिर्फ 1% क्लेम मिला है। इससे पहले 2016 और 2017 में भी रबी सीजन में इतनी ही दर से क्लेम जारी हुआ था। 2021 में यह आंकड़ा 7% और 2022 में 2% था। खरीफ 2024 में बीमित राशि के मुकाबले 6% क्लेम मिला, जो 2021 के बराबर है। खरीफ सीजन में अब तक सबसे ज्यादा क्लेम 2019 में 38% तक मिला था। यदि तीनों सीजन की बात करें तो किसानों को मिला क्लेम कुल बीमित राशि का महज 2.79% ही है।

मप्र में किस जिले को मिली कितनी राशि

फसल बीमा योजना के तहत शाजापुर के किसानों को 36.65 करोड़ रुपये का क्लेम मिला है। आगरमालवा को 36 करोड़, नर्मदापुरम को 30.85 करोड़, धार को 29.65 करोड़ और विदिशा को 23.33 करोड़ रुपये मिले हैं। भिंड के किसानों को 9.87 करोड़, सागर को 5.29 करोड़ और मुरैना को 5.13 करोड़ रुपये का क्लेम जारी हुआ है।

एक सप्ताह में किसानों को 303 रु. करोड़ और मिलेंगे

मप्र को रबी सीजन 2023, खरीफ 2024 और रबी 2024 के लिए लिए क कुल 1468 करोड़ रुपये फसल बीमा क्लेम मिलना था। इसमें से अब तक 1165 करोड़ जारी हो चुके हैं। बाकी 303 करोड़ रुपये अगले एक सप्ताह में किसानों के खातों में पहुंच जाएंगे। रबी 2023 के लिए 193 करोड़, खरीफ 2024 के लिए 1111 करोड़ और रबी 2024 के लिए 164 करोड़ रुपये 45 लाख से अधिक प्रदेश के किसानों को मिलने हैं।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *