हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी। हिमाचल प्रदेश सरकार ने सभी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 3 प्रतिशत डीए (महंगाई भत्ता) देने का ऐलान किया है। कर्मचारियों को दिवाली से पहले अप्रैल से सितंबर तक का बकाया भी मिल जाएगा। डीए की राशि नवंबर महीने में अक्टूबर के वेतन के साथ नियमित रूप से दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई 2023 से मार्च 2025 तक कर्मचारियों को मिलने वाले बकाया के संबंध में अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बिजली बोर्ड कर्मचारियों के सम्मेलन में की। हिमाचल प्रदेश के लाखों कर्मचारी लंबे समय से अपने महंगाई भत्ते की किस्त का इंतजार कर रहे थे। अब दिवाली से ठीक पहले मुख्यमंत्री ने उन्हें यह तोहफा दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट भाषण में महंगाई भत्ते की घोषणा की गई थी, लेकिन खराब वित्तीय स्थिति के कारण जून 2025 में इसका भुगतान नहीं हो सका। अब दिवाली पर 3% महंगाई भत्ता दिया जाएगा। प्रदेश में 1.91 लाख अधिकारी-कर्मचारी और 1.71 लाख पेंशनर्स हैं। कर्मचारियों को न्यूनतम 800 रुपये से लेकर मुख्य सचिव रैंक तक के अधिकारियों को 8,000 रुपये मासिक लाभ मिलेगा। प्रदेश में जुलाई 2023 और जनवरी 2024 से 4% डीए बकाया है। इसके अलावा, जुलाई 2024 से 3% डीए, जनवरी 2025 से 2% डीए और जुलाई से 3% डीए भी अभी देय है।
इस घोषणा ने कर्मचारियों की दिवाली की खुशी दोगुनी कर दी है। हाल ही में सरकार ने एचआरटीसी कर्मचारियों को उनके डीए की किस्त जारी करने का आश्वासन दिया था। 13 अक्टूबर को एचआरटीसी कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मिला था। इसके बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री सुखू के समक्ष भी अपनी मांगें रखीं।