Gold Price Today / Gold Price Outlook: सोने की कीमतों और जियो-पॉलिटिकल तनाव के बीच लंबे समय से एक मजबूत संबंध माना जाता रहा है। हालांकि, 2026 की पहली छमाही में यह तस्वीर कुछ बदलती नजर आई है। अब केवल युद्ध या वैश्विक तनाव ही सोने की कीमतों में तेजी के लिए पर्याप्त नहीं हैं। महंगाई, ब्याज दरें, बॉन्ड यील्ड और केंद्रीय बैंकों की मौद्रिक नीति जैसी चीजें सोने के भाव को ज्यादा प्रभावित कर रही हैं।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (MOFSL) की ‘H1 2026 Precious Metals Report’ में इस बदलते ट्रेंड का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, निवेशक अब किसी भी जियो-पॉलिटिकल संकट को सीधे सोने की खरीदारी से नहीं जोड़ रहे हैं। इसके बजाय बाजार यह आंकलन कर रहा है कि किसी संघर्ष का महंगाई, वास्तविक ब्याज दरों और मौद्रिक नीति पर कितना प्रभाव पड़ेगा।
युद्ध और सोने के बीच बदला पुराना समीकरण
MOFSL के कमोडिटी रिसर्च हेड नवनीत दमानी के अनुसार, 2026 की पहली छमाही में यह स्पष्ट हुआ कि युद्ध और सोने के बीच संबंध पहले की तुलना में अधिक परिस्थितिनिर्भर हो गया है।
अब बाजार सिर्फ यह नहीं देखता कि दुनिया में कोई संघर्ष चल रहा है या नहीं। निवेशकों की नजर इस बात पर भी रहती है कि उस घटना से महंगाई कितनी बढ़ सकती है, ब्याज दरों का रुख क्या रह सकता है और केंद्रीय बैंक आगे किस तरह की मौद्रिक नीति अपना सकते हैं।
ऊंची बॉन्ड यील्ड बनी सोने के लिए बड़ी चुनौती
रिपोर्ट में बताया गया है कि ऊंची बॉन्ड यील्ड सोने की कीमतों के लिए एक महत्वपूर्ण दबाव का कारण बनी। आमतौर पर आर्थिक या वैश्विक अनिश्चितता के समय सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन जब बॉन्ड से मिलने वाला वास्तविक रिटर्न आकर्षक होता है, तो निवेशकों का एक हिस्सा सोने के बजाय बॉन्ड की ओर रुख कर सकता है।
यही वजह है कि जियो-पॉलिटिकल तनाव बने रहने के बावजूद सोने की पारंपरिक ‘सेफ हेवन’ मांग पर दबाव देखने को मिला।
साल की शुरुआत में इन वजहों से मिला सोने को सपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की शुरुआत में कई कारणों ने सोने की कीमतों को मजबूती दी। इनमें नीतिगत अनिश्चितता, गोल्ड ETF में निवेश, केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद प्रमुख थीं।
इन फैक्टर्स के चलते निवेशकों की सोने में दिलचस्पी बनी रही और कीमतों को सपोर्ट मिला।
टैरिफ बढ़ने से बदली बाजार की तस्वीर
बाद के चरण में टैरिफ में बढ़ोतरी ने बाजार की चिंताओं को नया रूप दिया। ऊंचे टैरिफ से उत्पादन लागत बढ़ने और महंगाई पर दबाव बढ़ने की आशंका पैदा हुई। इसके परिणामस्वरूप लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची रहने की संभावना मजबूत हुई।
इसके साथ अमेरिकी ट्रेजरी सिक्योरिटीज की वास्तविक यील्ड में मजबूती और डॉलर की तेजी ने भी सोने पर दबाव बढ़ाया।
अमेरिका-ईरान तनाव ने भी दिखाया बदलता ट्रेंड
रिपोर्ट में अमेरिका-ईरान संघर्ष को भी इस नए पैटर्न का उदाहरण बताया गया है। संघर्ष बढ़ने पर शुरुआती दौर में सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग में तेजी आई। लेकिन इसके बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने महंगाई को लेकर चिंता बढ़ा दी।
महंगाई का दबाव बढ़ने से मौद्रिक नीति में नरमी की उम्मीद कमजोर हुई। इसका असर सोने की तेजी पर पड़ा और आगे चलकर कीमतों में कुछ सुधार देखने को मिला।
आगे किन चीजों से तय होगा Gold Price?
रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले समय में सोने और चांदी की कीमतों पर कई प्रमुख फैक्टर्स का प्रभाव रहेगा। इनमें महंगाई का रुख, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संकेत, वैश्विक स्तर पर नकदी की उपलब्धता, केंद्रीय बैंकों की गोल्ड खरीदारी, ETF निवेश और सट्टेबाजी से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं।
यानी अब सोने की कीमतों का आकलन केवल वैश्विक तनाव देखकर करना पर्याप्त नहीं होगा। निवेशकों को महंगाई, ब्याज दरों, डॉलर और केंद्रीय बैंकों की नीतियों समेत कई आर्थिक संकेतकों पर नजर रखनी होगी।