स्पेशल ट्रेनें: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी। छठ पर्व नजदीक आ रहा है और हर साल की तरह इस साल भी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अगले पाँच दिनों में, रेलवे 1,500 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा ताकि हर यात्री सुरक्षित और आराम से घर पहुँच सके।
अगले 5 दिनों में चलेंगी 1500 स्पेशल ट्रेनें
रेल मंत्रालय के अनुसार, छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संख्या में तेज़ी से वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि इन ट्रेनों का उद्देश्य त्योहारी सीज़न में भीड़भाड़ कम करना और यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।
प्रेस नोट में कहा गया है, “भारतीय रेलवे इस त्योहारी सीज़न में यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अपनी सेवाओं का निरंतर विस्तार कर रहा है। नियमित रेल सेवाओं के अलावा, अगले 5 दिनों में 1,500 विशेष रेलगाड़ियाँ चलाने का निर्णय लिया गया है, यानी प्रतिदिन लगभग 300 रेलगाड़ियाँ यात्रियों की सेवा में रहेंगी।”
इससे पहले, दिवाली सीज़न के दौरान, रेलवे ने 21 दिनों में 4,493 विशेष रेलगाड़ियाँ चलाई थीं, यानी प्रतिदिन औसतन 213 फेरे। इस बार, छठ पर्व के लिए और भी अधिक रेलगाड़ियों की व्यवस्था की जा रही है। रेल मंत्रालय ने बताया कि इस त्योहारी सीज़न के दौरान यानी 1 अक्टूबर से 30 नवंबर, 2025 के बीच कुल 61 दिनों में 12,000 से अधिक विशेष रेलगाड़ियाँ चलाने की योजना है। अब तक 11,865 फेरों (916 रेलगाड़ियाँ) के लिए अधिसूचनाएँ जारी की जा चुकी हैं, जिनमें 9,338 आरक्षित और 2,203 अनारक्षित फेरे शामिल हैं।
पिछले साल इस दौरान सिर्फ़ 7,724 पूजा और दिवाली स्पेशल ट्रेनें ही चलाई गई थीं, यानी इस बार रेलवे ने सुविधाओं में भारी बढ़ोतरी की है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2025 के बीच इन स्पेशल ट्रेनों से 1 करोड़ से ज़्यादा यात्रियों ने यात्रा की।