सरकार ने दफ्तरों के समय में किया बदलाव- देश की राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता फिर बिगड़ गई है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 311 दर्ज किया गया। वहीं, जानलेवा प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शहर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए 15 नवंबर से 15 फरवरी तक दिल्ली सरकार और एमसीडी कर्मचारियों के काम के घंटों में अंतर की घोषणा की।
दिल्ली सरकार के दफ्तरों के समय में बदलाव
आपको बता दें कि खराब प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शहर जहरीले धुएं की चादर में लिपटा हुआ है। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों के काम के समय में बदलाव करना जरूरी हो गया था। अब दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक काम करेंगे। वर्तमान में, दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक और एमसीडी कार्यालय सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक काम करते हैं।
दिल्ली में सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव किया गया है; सरकार ने एक आदेश जारी किया है। जानें यह फैसला क्यों लिया गया। बयान में कहा गया है कि वर्तमान में, दोनों समय-सारिणी के बीच केवल 30 मिनट का अंतर है, जिसके परिणामस्वरूप शहर में सुबह और शाम दोनों समय भारी यातायात की भीड़ होती है, जो वायु प्रदूषण में योगदान करती है। सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा और वे समय पर अपने घर भी पहुँच सकेंगे।