नई दिल्ली: 2026 इंडियन प्रीमियर लीग के 8वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया। इस मैच में समीर रिजवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 51 गेंदों का सामना करते हुए 90 रनों की बेहतरीन पारी खेली और सबका दिल जीत लिया। यह दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत है, जिससे उनके कुल अंकों की संख्या 4 हो गई है।
विज्ञापन
एक समय ऐसा लग रहा था कि मुंबई इंडियंस मैच जीत जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो बिल्कुल सटीक साबित हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने अपने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने महज 18.1 ओवरों में आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव के अलावा कोई भी खिलाड़ी क्रीज पर ज्यादा देर तक टिक नहीं सका।
मुंबई इंडियंस बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही। 20 ओवरों के अंत तक वे मात्र 162 रन ही बना पाए और उनके 6 विकेट गिर गए। रयान रिकेल्टन ने 11 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 9 रन बनाए।
ओपनिंग बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कुछ देर के लिए पारी को संभाला, लेकिन वे भी 26 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते सूर्यकुमार यादव दिल्ली कैपिटल्स के लिए परेशानी का सबब बने; उन्होंने 36 गेंदों का सामना करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली।
उनकी पारी में 2 छक्के और 3 चौके शामिल थे। शेरफेन रदरफोर्ड भी कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और 7 गेंदों में सिर्फ 5 रन ही बना सके। नमन धीर ने 21 गेंदों में 28 रन बनाए। मिशेल सैंटनर और कॉर्बिन बॉश नाबाद रहे और उन्होंने क्रमशः 13 गेंदों में 18 रन और 4 गेंदों में 11 रन बनाए।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग XI
केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, और
मुकेश कुमार.
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग XI
रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रित बुमरा।